Bhandara News: दो लोगों की जान लेने वाली बाघिन टी-27 आखिरकार पिंजरे में कैद

  • 170 वनकर्मियों ने चलाया था सर्च ऑपरेशन
  • तीन माह चला वन विभाग का अभियान

Bhandara News पिछले तीन माह से आमगांव बु., उमरझरी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का पर्याय बनी नरभक्षी बाघिन 'टी-27' को वन विभाग ने रविवार सुबह सफल रेस्क्यू अभियान के तहत पकड़ लिया। बाघिन ने अब तक दो लोगों की जान ले ली थी, जबकि दो अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

रविवार सुबह आमगांव बु. निवासी किसान बना कापगते ने खेत के पास धूरे के नीचे बाघिन के छिपे होने की सूचना पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा महिला जिला अध्यक्ष डॉ. माहेश्वरी नेवारे को दी। नेवारे ने तत्काल सहायक वन्यजीव परियोजना अधिकारी सुहास कांबले को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही नवेगांव-नागझिरा बाघ प्रकल्प, गोंदिया एवं भंडारा वन विभाग की रैपिड रेस्क्यू टीम तथा एफडीसीएम भंडारा के वनकर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाकर बाघिन को सुरक्षित तरीके से काबू कर लिया।

पिछले तीन महीनों से टी-27 आमगांव, उमरझरी, बांपेवाड़ा, पिटेझरी, जमनापुर, खांबा, वडेगांव, विरसी और सातलवाड़ा के जंगलों एवं आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय थी। 19 मार्च को बांपेवाड़ा निवासी वसंत मेश्राम तथा 28 मार्च को उमरझरी निवासी माया सोनवाने की बाघिन के हमले में मौत हो गई थी। वहीं, 1 अप्रैल को आमगांव की छाया मुंगमोडे गंभीर रूप से घायल हुई थीं। इसके अलावा 24 जून को 45 वर्षीय किसान हरिश्चंद्र श्रीराम मडावी पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। बाघिन की तलाश के लिए वन विभाग ने 170 से अधिक कर्मचारियों, 90 ट्रैप कैमरों और आठ पिंजरों की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया था। लंबे प्रयासों के बाद आखिरकार रविवार को बाघिन को पकड़ने में सफलता मिली।

गोरेवाड़ा ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर भेजा जाएगा : वन विभाग के अनुसार, पकड़ी गई बाघिन का चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक उपचार करने के बाद उसे नागपुर स्थित गोरेवाड़ा ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर भेजा जाएगा। पूरे अभियान में सहायक वन्यजीव परियोजना अधिकारी सुहास कांबले, वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सावंत, नवेगांव-नागझिरा बाघ प्रकल्प, भंडारा वन विभाग, एनएनआरटी तथा एफडीसीएम भंडारा के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Created On :   29 Jun 2026 4:33 PM IST

Tags

Next Story