Bhandara News: रेत उत्खनन पर लगाम, वैनगंगा नदी से 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 42 लाख का माल पकड़ा

रेत उत्खनन पर लगाम, वैनगंगा नदी से 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 42 लाख का माल पकड़ा
ret utkhanan par lagam, wainganga nadi se 6 tracter-trolly samet 42 lakh ka maal pakda

Bhandara News वैनगंगा नदी तट में चल रहे अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ वरठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। इस कार्रवाई में करीब 42 लाख रुपए का मुद्देमाल कब्जे में लिया गया है। यह कार्रवाई 26 जून को की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि, क्षेत्र में नदी के भीतर अवैध रूप से रेत निकासी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ लिए।

यह कार्रवाई सहायक पुलिस निरीक्षक जगताप के मार्गदर्शन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक मडावी, पुलिस हवलदार बर्वे और बुरडे सहित सिपाही संदीप नंदनवार, दत्तात्रय कमले, निलेश चौधरी, किशोर मस्के और संजय ईश्वरकर शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि, जब्त किए गए वाहनों के चालक और मालिकों के खिलाफ रेत चोरी और गौण खनिज नियमों के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सख्त कार्रवाई के पश्चात परिसर में अवैध रेत उत्खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

मोहाड़ी में रेत लदा ट्रैक्टर पकड़ा : रेत लदे ट्रैक्टर पर मोहाड़ी पुलिस ने कार्रवाई कर छह लाख छह हजार रुपयों का माल जब्त किया। यह कार्रवाई बुधवार 24 जून को रोहा में वैनगंगा नदी तट पर की गई। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रोहा ग्राम निवासी रोहन सहादेव सेलोकर (25) यह अपने नीले रंग के बिना क्रमांक वाले ट्रैक्टर में अवैध तरीके से रेत लदकर ढुलाई कर रहा था। पुलिस ने रेत ढुलाई के दस्तावेज मांगे तो आरोपी नहीं दे सका। पुलिस ने आरोपी पर धारा 305 (ई), 49 भारतीय न्याय संहिता उपधारा मोटार वाहन कानून अंतर्गत मामला दर्ज किया है।


Created On :   27 Jun 2026 5:41 PM IST

Tags

Next Story