Bhandara News: गोबरवाही जलापूर्ति योजना पांच दिन से ठप ,छह गांवों में भीषण पेयजल संकट

गोबरवाही जलापूर्ति योजना पांच दिन से ठप ,छह गांवों में भीषण पेयजल संकट
  • तुमसर तहसील के नाकाडोंगरी, राजापुर, सुंदरटोला, गोबरवाही, चिखला और सीतासावंगी का समावेश
  • पानी की तलाश में महिलाएं कई कि.मी. तक भटक रहीं दर-दर
  • बावनथड़ी नदी भी सूखी ,राजीव सागर बांध से पानी छोड़ने की लगाई गुहार

Bhandara News तुमसर तहसील की जिला परिषद द्वारा संचालित गोबरवाही प्रादेशिक जलापूर्ति योजना पूरी तरह ठप पड़ गई है। इसके चलते नाकाडोंगरी, राजापुर, सुंदरटोला, गोबरवाही, चिखला और सीतासावंगी गांवों में पिछले 5 से 6 दिनों से नलों में एक बूंद पानी तक नहीं पहुंचा है। इससे हजारों ग्रामीणों के सामने भीषण पेयजल संकट खड़ा हो गया है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि, गांवों में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। महिलाएं सुबह तड़के से मटके और बर्तन लेकर कई किमी. दूर तक पानी की तलाश में भटक रही हैं। कई परिवारों को निजी बोरवेल और दूरस्थ जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस संकट का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और पशुपालकों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बावनथड़ी नदी लगभग सूख चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में जल संकट और गहरा गया है। नदी किनारे स्थित अधिकांश कुएं, हैंडपंप और अन्य जलस्रोत भी सूखने की कगार पर हैं। महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा पर हो रहे अवैध रेत उत्खनन ने नदी की जलधारण क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

इसके कारण नदी का जलस्तर लगातार गिरा और भूजल स्तर भी नीचे चला गया, जिससे जलापूर्ति योजना का मुख्य स्रोत प्रभावित हो गया। लगातार कई दिनों से पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई घरों में पीने के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है। लोगों का अधिकांश समय केवल पानी की व्यवस्था करने में ही बीत रहा है।

पशुओं के लिए भी पानी का संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और विकराल हो सकती है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। राजीव सागर बांध से तत्काल पानी छोड़ा जाए, ताकि बावनथड़ी नदी में जलप्रवाह शुरू हो सके। इससे कुओं का जलस्तर बढ़ेगा और जलापूर्ति योजना को राहत मिल सकेगी। साथ ही अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है।

Created On :   28 Jun 2026 2:48 PM IST

Tags

Next Story