Bhandara News: सीओ के कक्ष के सामने फेंकी बैंगन की बोरियां ,नप कार्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण

सीओ के कक्ष के सामने फेंकी बैंगन की बोरियां ,नप कार्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण
  • सब्जी मंडी पर कार्रवाई के विरोध में किसानों का प्रदर्शन
  • दुकानें बंद होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नहीं मिले खरीदार

Bhandara News महात्मा ज्योतिबा फुले सब्जी मंडी में पांच सब्जी व्यापारियों पर नगर परिषद द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई के विरोध में बुधवार को किसानों ने आक्रामक प्रदर्शन किया। किसानों ने नगर परिषद के मुख्याधिकारी के कक्ष के सामने बैंगन की बोरियां डाल दीं और कार्यालय परिसर के बाहर भी बड़ी मात्रा में बैंगन फेंककर विरोध जताया। कृषि दिवस पर हुए इस प्रदर्शन से नगर परिषद कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र नगर परिषद, नगर पंचायत एवं औद्योगिक नगरी अधिनियम, 1965 की धारा 272 के तहत सब्जियों के प्रत्येक बोरे पर निर्धारित ₹5 बाजार शुल्क जमा नहीं करने पर नगर परिषद ने पांच व्यापारियों की दुकानें हटाते हुए उनके मंडी में प्रवेश पर भी रोक लगा दी। साथ ही आसपास प्रतिबंधात्मक नाली खोदकर पुलिस कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इसके चलते मंगलवार और बुधवार को इन व्यापारियों की दुकानें बंद रहीं। महात्मा ज्योतिबा फुले सब्जी मंडी में करीब 50 बड़े सब्जी व्यापारी जिले के किसानों से सब्जियां खरीदकर अन्य जिलों में भेजते हैं। प्रतिदिन हजारों बोरों की खरीदी-बिक्री होती है। नगर परिषद का कहना है कि पांच व्यापारियों द्वारा शुल्क नहीं देने से परिषद को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

व्यापारियों की दुकानें बंद होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए खरीदार नहीं मिले। इससे नाराज किसानों ने सैकड़ों किलो बैंगन नगर परिषद कार्यालय पहुंचाकर मुख्याधिकारी जुम्मा प्यारेवाले के कक्ष के सामने डाल दिए। स्थिति को देखते हुए शहर पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक उल्लास भुसारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया और हालात पर नियंत्रण पाया गया। किसानों और व्यापारियों ने कार्रवाई वापस लेने तथा बाजार शुल्क की वसूली पर पुनर्विचार करने की मांग की है। वहीं नगर परिषद का कहना है कि शुल्क वसूली नियमों के अनुसार की जा रही है और इससे पीछे हटने पर परिषद के राजस्व को नुकसान होगा।




Created On :   2 July 2026 1:08 PM IST

Tags

Next Story