Bhandara News: आंगन में घुसा तेंदुआ, बकरे को जबड़े में दबाकर घसीट ले गया

आंगन में घुसा तेंदुआ, बकरे को जबड़े में दबाकर घसीट ले गया
  • पवनी के घोड़ेघाट वार्ड में रात के समय घर के आंगन में किया शिकार
  • सुबह बकरा गायब मिला, कुछ दूरी पर मिले अवशेष और तेंदुए के पंजों के निशान
  • बस्ती के करीब तेंदुए की दस्तक से नागरिकों में दहशत; वन विभाग से पकड़ने की मांग

Bhandara News पवनी शहर के घोड़ेघाट वार्ड में तेंदुए के घुसकर आंगन में बंधे बकरे का शिकार करने से नागरिकों में दहशत फैल गई है। किसनाबाई तुमसरे के घर के आंगन में बंधे बकरे पर मंगलवार रात के समय तेंदुए ने हमला किया और उसे अपना निवाला बना लिया। शिकार के बाद तेंदुआ बकरे को कुछ दूरी तक घसीटकर ले गया।

जानकारी के अनुसार, घोड़ेघाट वार्ड निवासी किसनाबाई तुमसरे ने अपने घर के आंगन में बकरा बांध रखा था। रात में नदी किनारे से आया तेंदुआ घर के आंगन में घुसा और बकरे पर हमला कर दिया। सुबह परिजनों को बकरा गायब मिला।

तलाश करने पर कुछ दूरी पर उसके अवशेष और तेंदुए के आने-जाने के निशान दिखाई दिए। तेंदुए के नदी किनारे से बस्ती में आने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद नदी किनारे तथा घोड़ेघाट वार्ड के नागरिकों में भय का माहौल है।

इंसानी बस्ती के नजदीक तेंदुए की गतिविधियां सामने आने से लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने इलाके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। नागरिकों ने तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और उसे पकड़ने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। रात के समय घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की अपील की जा रही है।


Created On :   10 Sept 2026 1:49 PM IST

Tags

Next Story