‌Bhandara News: भंडारा के डोंगरी बुजुर्ग में लोमड़ी का आतंक, 2 ग्रामीणों पर किया हमला

भंडारा के डोंगरी बुजुर्ग में लोमड़ी का आतंक, 2 ग्रामीणों पर किया हमला
  • 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 46 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
  • सुबह 6:30 बजे घर के आंगन में महिला पर किया हमला
  • ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग

Bhandara News जिले की तुमसर तहसील के डोंगरी बुजुर्ग स्थित बाजार टोला वार्ड में गुरुवार सुबह एक खूंखार लोमड़ी ने अचानक हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे बाजार टोला निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला पंचफुला मेश्राम अपने घर के आंगन में कुछ घरेलू कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक वहां एक लोमड़ी आ धमकी और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

इस हमले में उनके बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। महिला की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने के लिए दौड़े 46 वर्षीय सेवकराम नामदेव डोंगरे पर भी लोमड़ी ने आक्रामक होकर हमला बोल दिया। इस हमले में सेवकराम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने और इकट्ठा होने के बाद लोमड़ी वहां से भाग निकली।

ग्रामीणों में दहशत और सुरक्षा की मांग : दिन की शुरुआत में हुई इस अचानक वन्यजीव घटना के कारण बाजार टोला और आसपास के पूरे परिसर में भय का साया छा गया है। ग्रामीण अब अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से तुरंत मामले का संज्ञान लेने, आक्रामक लोमड़ी को पकड़ने और क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने की पुरजोर मांग की है।

Created On :  

Tags

Next Story