Bhandara News: भंडारा में टीनएज बच्चों तक आसानी से पहुंच रहा ड्रग्स

भंडारा में टीनएज बच्चों तक आसानी से पहुंच रहा ड्रग्स
सांसद डा. पडोले का दावा , कहा-जिले में ड्रग माफिया सक्रिय

Bhandara News भंडारा जिले में 14 अप्रैल को लाखांदुर की प्रशासकीय इमारत के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने एक गंभीर दावा करते हुए कहा कि भंडारा जिले में एक बड़ा ड्रग रैकेट सक्रिय है, जिसके जरिए कक्षा 7 से 10 तक के नाबालिग छात्रों तक भी एमडी ड्रग्स आसानी से पहुंच रहा है। सांसद पडोले के इस बयान के बाद जिले में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

उन्होंने इस मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह स्थिति आने वाली पीढ़ी के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल स्तर पर विशेष निगरानी समितियां या अलग टीम गठित कर छात्रों में बढ़ते नशे के प्रभाव को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।इस दावे के बाद अभिभावकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी हलचल मच गई है। नाबालिगों तक नशीले पदार्थों की पहुंच को गंभीर मुद्दा बताते हुए कई वर्गों ने इसकी विस्तृत जांच की मांग की है।

सांसद डा. पडोले का दावा , कहा-जिले में ड्रग माफिया सक्रिय :ड्रग्स माफिया पर अंकुश लगाने के प्रति राज्य सरकार गंभीर: डा.भोयर : इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिले के पालकमंत्री एवं गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने कहा कि राज्य सरकार ड्रग्स के खिलाफ पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से एंटी-नारकोटिक्स पॉलिसी लागू की गई है और पूरे राज्य में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। भोयर ने कहा कि पुलिस और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा स्कूल परिसरों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ती चिंता और प्रशासनिक चुनौती : इस पूरे घटनाक्रम के बाद भंडारा जिले में कथित ड्रग नेटवर्क का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। आशंका जताई जा रही है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या ठोस कार्रवाई करता है।


Created On :   17 April 2026 5:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story