- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- कोलकाता के लिए निकला ट्रक, गूगल मैप...
Bhandara News: कोलकाता के लिए निकला ट्रक, गूगल मैप ने घुसाया गली में, खंभे को मारी टक्कर

Bhandara News 'गुगल मैप' के जरीए मंजिल तक पहंुचने वाले चालक का ट्रक एक संकरी गली में घुस गया। संकरी गली से ट्रक निकालने के चक्कर में चालक ने बिजली का खंभा तोड़ दिया। जिससे महावितरण का हजारो रुपए का नुकसान हुआ। चालक के इस कारनामें के कारण कुछ देर तक पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना साकोली के दुर्गा मंदिर चौक में सोमवार, 6 अप्रैल को घटित हुई।
तकनीक के इस्तेमाल का अजीब खामियाजा चालक के साथ नागरिकों को भी भुगतना पड़ा। जालना से कोलकाता जा रहा मालवाहक ट्रक डब्लूबी 33 एफ 1589 साकोली फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहा था। चालक ने रास्ता खोजने के लिए 'गूगल मैप' का सहारा लिया।
मैप के निर्देशों का पालन करते हुए वह हाईवे छोड़कर कटकवार मार्केट लाइन होते हुए पंचशील वार्ड क्रमांक 7 के दुर्गा मंदिर चौक तक पहुंच गया और दुर्गा मंदिर चौक की सड़क बेहद संकरी होने के बावजूद चालक ने ट्रक मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक सीधे महावितरण के हाईटेंशन बिजली खंभे से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि, सीमेंट का खंभा टूटकर तारों समेत एक मकान पर गिर पड़ा। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, किंतु पूरे क्षेत्र की बिजली तुरंत बंद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगरसेवक किशोर पोगले मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने चालक से पूछताछ की, तो चालक ने बताया कि, वह गूगल मैप के सहारे ही यहां तक पहुंचा। यह सुनकर मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर हंसी का माहौल बना, किंतु बिजली गुल होने से लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
महावितरण विभाग के पंचनामे के अनुसार, इस हादसे में हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। नगरसेवक की मध्यस्थता से ट्रक मालिक से संपर्क कर नुकसान की भरपाई को लेकर चर्चा जारी है।
Created On :   7 April 2026 4:20 PM IST














