- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- घाट पर चल रहा था अवैध उत्खनन , पुल...
Bhandara News: घाट पर चल रहा था अवैध उत्खनन , पुल के नीचे छिपा रखे थे टिप्पर

Bhandara News भंडारा जिले के तुमसर में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए तड़के बड़ी कार्रवाई की। उपविभागीय अधिकारी उपेश अंबादे के निर्देश के अनुसार उड़नदस्ता दल ने मोहाड़ी तहसील के देव्हाडा खुर्द क्षेत्र में रेलवे पुल के नीचे छिपाकर रखे गए चार टिप्पर जब्त किए। यह कार्रवाई मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को तड़के की गई। जिसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपए का माल पुलिस ने जब्त किया। तहसील मोहाड़ी और तहसील तुमसर के उपविभागीय अधिकारी की टीम को गश्त के निर्देश दिए गए थे।
गश्त के दौरान देव्हाडा खुर्द इलाके में रेलवे पुल के नीचे बिना अनुमति रेत का परिवहन करते ट्रक क्रमांक एमएच 36 एफ 3430, एमएच 49 बीझेड 5602, एमएच 49 बीजेड 8702 और 40 डीसी 5295 पाए गए। सभी वाहनों को तत्काल जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए तहसील कार्यालय मोहाड़ी लाया गया। प्रशासन के अनुसार इस कार्रवाई में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया है। यह कार्रवाई तुमसर के नायब तहसीलदार अप्पासाहेब वानखेडे के नेतृत्व में की गई।
मंडल अधिकारी विलास धावडे, ग्राम विकास अधिकारी आशीष कुकड़े, आयुष गणवीर, गजानन उपराडे तथा मोहाड़ी की तहसीलदार प्राजक्ता बुरांडे के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने तुमसर पुलिस स्टेशन के सहयोग से पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी। अचानक हुई इस छापेमारी से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Created On :   25 Feb 2026 3:44 PM IST















