Bhandara News: जंगल के रास्ते घर लौट रहा था दोपहिया सवार, घात लगाए बैठे दो बाघों ने ले ली जान

  • भंडारा वन परिक्षेत्र के गराडा रेंज में हुई गंभीर घटना
  • वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल दी दस लाख की सहायता
  • ट्रैप कैमरे लगाकर वन विभाग ने शुरू की जांच

Bhandara News काम से घर लौट रहे 31 वर्षीय युवक पर दो बाघों ने हमला कर दिया, जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 7.30 से 8 बजे के बीच भंडारा वन परिक्षेत्र के गराडा रेंज में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। आक्रोशित ग्रामीणों के बीच वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, बाघों की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास ट्रैप कैमरे लगाकर गश्त बढ़ा दी गई है। मृतक की पहचान भंडारा तहसील के बासोरा निवासी अमित भीमराव राउत के रूप में हुई है।

अमित अपने साथियों के साथ नागपुर जिले की कुही तहसील के वेलतुर गांव में निर्माण कार्य के लिए गया था। काम पूरा करने के बाद वह आंबोरा मार्ग से जंगल के रास्ते दोपहिया वाहन से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दो बाघों ने उसके वाहन पर हमला कर दिया। हमले में अमित नीचे गिर गया, जबकि उसके साथ मौजूद तीन से चार साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे। इसके बाद बाघों ने अमित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान कार से गुजर रहे कुछ लोगों ने बाघों का वीडियो भी बनाया, जिसमें दो बाघ दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस घटना से गराडा, बासोरा और आसपास के गांवों के नागरिकों में भारी रोष व्याप्त हो गया। मंगलवार दोपहर 3.30 बजे मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। अमित विवाहित था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं। परिवार के प्रमुख सदस्य की मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वन विभाग के सहायक उपवनसंरक्षक सचिन निलख, वन परिक्षेत्र अधिकारी विलास बेलखोडे और विभागीय टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवार को 25 हजार रुपए नकद तथा 9 लाख 75 हजार रुपए का चेक, इस तरह कुल 10 लाख रुपए की सहायता दी गई। नियमानुसार निर्धारित चरणों में आगे की सहायता भी प्रदान की जाएगी। बासोरा गांव के पूर्व सरपंच प्रसन्न चकोले ने मृतक की पत्नी को शासकीय नौकरी देने की मांग की है। इधर, वन विभाग ने बाघों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी तलाश के लिए ट्रैप कैमरे लगाए हैं। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।

Created On :  

Tags

Next Story