Bhandara News: पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी व डोगर गैंग से संबंध के संदेह में भंडारा में कार्रवाई

पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी व डोगर गैंग से संबंध के संदेह में भंडारा में कार्रवाई
  • एटीएस ने मोबाइल की दुकान से एक को दबोचा
  • पूछताछ के बाद छोड़ा

Bhandara News एटीएस टीमों ने आज राज्य में कई जगहों पर छापेमारी की, जिसमें भंडारा शहर के बड़ा बाजार परिसर में मंगलवार, 13 मई को नागपुर एटीएस ने एक मोबाइल दुकान पर कार्रवाई करते हुए वहां कार्यरत एक युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए चर्चा का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, युवक एक मोबाइल शॉप में कर्मचारी के रूप में काम करता है।

एटीएस को संदेह था कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में हो सकता है। इसी आधार पर एटीएस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुकान पर छापा मारा और युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त किया गया। सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई गई कि युवक सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी शहजाद भट्टी गैंग और डोगर गैंग के कुछ आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की तकनीकी जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में गोपनीयता बरतते हुए अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह एक नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा था।

पुलिस ने बरती गोपनीयता : इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन ने पूरी गोपनीयता बनाए रखी है। भंडारा पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। युवक को थाने ले जाकर प्राथमिक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह नियमित जांच प्रक्रिया थी और फिलहाल इस मामले में कोई अपराध दर्ज नहीं किया गया है। जांच में क्या निष्कर्ष निकला, इस पर भी प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देंने का आह्वान किया है।


Created On :   14 May 2026 2:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story