- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- आरटीआई प्रवेश प्रक्रिया : अब तक...
Bhandara News: आरटीआई प्रवेश प्रक्रिया : अब तक केवल 399 को मिला प्रवेश, अभिभावकों की बढ़ी चिंता

Bhandara News राइट टू एजुकेशन यानी अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिले में चल रही प्रवेश प्रक्रिया की गति अत्यंत धीमी पड़ गई है। जिले की 87 स्कूलों में उपलब्ध 925 सीटों के लिए पहले चरण की ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई थी। सोमवार, 20 अप्रैल को प्रवेश की अंतिम तिथि होने के बावजूद चयनित 916 बच्चों में से अब तक केवल 399 विद्यार्थियों का ही प्रवेश सुनिश्चित हो पाया है। शेष 526 बच्चों का समय पर प्रवेश हो पाएगा या नहीं, इसे लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। इस वर्ष आरटीई प्रवेश को लेकर अभिभावकों में काफी उत्साह देखा गया। 925 सीटों के लिए कुल 3,675 अभिभावकों ने आवेदन किया था। तकनीकी जांच के बाद 2,816 आवेदन अंतिम रूप से स्वीकृत किए गए। यानी एक सीट के लिए औसतन तीन आवेदकों के कारण इस बार कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
6 अप्रैल को लॉटरी निकालने के बाद 10 अप्रैल से अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से प्रवेश की सूचना दी गई थी। लॉटरी में नाम आने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया की धीमी रफ्तार का मुख्य कारण दस्तावेजों की जटिल जांच को माना जा रहा है। निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों की सख्त जांच की जा रही है। यदि किसी भी दस्तावेज में त्रुटि पाई जाती है, तो प्रवेश रद्द होने की आशंका रहती है, जिससे अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
यह भी पढ़े -खरीदी बंद होने से घरों में पड़ा है लाखों क्विं.धान, समयसीमा बढ़ाने जिलाधीश कार्यालय पहुंचे किसान
तहसीलवार आरटीई प्रवेश की स्थिति : भंडारा तहसील में 23 स्कूलों में 306 सीटों के लिए 988 आवेदन प्राप्त हुए। मोहाडी तहसील में 16 स्कूलों की 146 सीटों के लिए 410 आवेदन मिले। तुमसर तहसील में 16 स्कूल, 168 सीटें और 573 आवेदन प्राप्त हुए। साकोली में 8 स्कूलों की 79 सीटों के लिए 236 आवेदन मिले। लाखनी तहसील में 7 स्कूलों की 87 सीटों के लिए 283 आवेदन आए। पवनी तहसील में 12 स्कूलों की 104 सीटों के लिए 282 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि लाखांदूर तहसील में 5 स्कूलों की 35 सीटों के लिए 44 आवेदन मिले। इस प्रकार कुल 87 स्कूलों की 925 सीटों के लिए 2,816 आवेदन अंतिम रूप से स्वीकृत किए गए।
Created On :   22 April 2026 4:40 PM IST














