भंडारा: बहन को मौत के घाट उतारा- आरोपी गढ़ रहा था छत से नीचे गिरने की कहानी

बहन को मौत के घाट उतारा- आरोपी गढ़ रहा था छत से नीचे गिरने की कहानी
  • प्रेम संबध के संदेह के चलते ले ली जान
  • वरठी परिसर के ग्राम सोनुली की घटना
  • बहन की जान ली

डिजिटल डेस्क, भंडारा. बहन के चरित्र पर संदेह कर बड़े भाई ने अपनी छोटी बहन की हत्या कर दी। घटना वरठी के पास सोनुली ग्राम में रविवार 24 दिसंबर को घटी हुई। वरठी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम आशीष गोपीचंद बावनकुले (22) है। वहीं मृतका का नाम अश्विनी बावनकुले (20) है। वरठी पुलिस थानांतर्गत सोनुली ग्राम में बावनकुले परिवार निवास करता है। आशीष के माता-पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। घटना के दिन माता-पिता बाहर गए थे। उस समय आशीष व अश्विनी दोनों घर में थे। आशीष ने प्रेम प्रकरण के चलते संदेह करते हुए अश्विनी के साथ विवाद करना शुरू किया। यह विवाद बढ़ता चला गया और आशिष ने छोटी बहन की पिटाई करनी शुरू की। उसके मुंह व चेहरे पर मारने लगा। बाद में गला घोंटकर आशीष ने अश्विनी की हत्या की। जब माता-पिता लौटे तो उन्हें अश्विनी के छत से गिरने की झूठी कहानी सुनाने लगा। सूचना मिलते ही वरठी पुलिस मौके पर पहुंची।

मृत अश्विनी के शरीर पर चोटों के कई निशान दिखे। पुलिस ने आशीष के साथ सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल किया। इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी आशीष गोपीचंद बावनकुले के खिलाफ भादंवि की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अभिजीत पाटील के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक महेंद्र शहारे व पुलिस हवालदार विनायक बेदरकर कर रहे हैं।

Created On :   26 Dec 2023 1:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story