ABVP Protest: भोपाल में गर्ल्स कॉलेज के पास शराब दुकान के विरोध में उतरे एबीवीपी कार्यकर्ता, किया प्रदर्शन

भोपाल में गर्ल्स कॉलेज के पास शराब दुकान के विरोध में उतरे एबीवीपी कार्यकर्ता, किया प्रदर्शन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने मंगलवार को छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने मंगलवार को छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने महारानी लक्ष्मीबाई छात्रा कॉलेज के पास से शराब की दुकानें हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा आबकारी नीति का पालन नहीं किया जा रहा।

नीति के अनुसार किसी भी शराब दुकान के साथ शराब पीने की सुविधा नहीं दी जा सकती। लेकिन शराबी दुकान के पास ही बैठकर शराब पी रहे। स्कूल, कॉलेज और कन्याओं के छात्रावास से शराब दुकानों को 100 मीटर से दूर रखा जाए। लेकिन इसका भी पालन न करते हुए शराब दुकान महिला कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास ही खोल दी। जो कि नियमों का खुला उल्लंघन है। इससे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ रही। छात्राओं को प्रतिदिन असुरक्षा और छेड़छाड़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा।

परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रहित और छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए शराब की दुकान को तत्काल हटाया जाए। क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आश्वासन दिया है कि 7 दिन के भीतर शराब दुकान को हटाया जाएगा। प्रांत छात्रा प्रमुख बबली शर्मा ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा अभाविप की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षण संस्थानों के पास शराब की दुकानें संचालित होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन ने 7 दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यदि निर्धारित समय सीमा में शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो अभाविप व्यापक आंदोलन और कलेक्ट्रेट का घेराव करेगा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर प्रदर्शनकारियों को समझाते नजर आए।

Created On :   24 Jun 2026 11:23 PM IST

Tags

Next Story