- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- दीपावली से पहले चंबल में औद्योगिक...
Bhopal News: दीपावली से पहले चंबल में औद्योगिक सम्मेलन, एक्सप्रेस-वे के आसपास होगा औद्योगीकरण

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि दीवाली से पहले चंबल अंचल में संभाग स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने शुक्रवार को बटेश्वर इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के संजीव कुचिया, मैसर्स योगराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के पुनीत बंसल, मैसर्स एजीआई ग्रीन पैक के पी. गिरिधर, मैसर्स फ्यूमा लैब्स प्राइवेट लिमिटेड के शुभम सिंह, मैसर्स अन्नपूर्णा दाल मिल के संजय शर्मा, मैसर्स बायोरा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के आशीष गुप्ता, मैसर्स सिंघसा मेडीकेयर के विश्वजीत सिंह और मैसर्स सिनोरिया फार्मा के कपिल सत्यवानी सहित 20 उद्यमियों के साथ संवाद किया।
इसमें चंबल एक्सप्रेस-वे के आसपास नए उद्योग लगने की संभावनाएं तलाशी गई। साथ ही उद्यमियों ने अपने अनुभव और सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावना है। इसके लिए नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास, औद्योगिक क्लस्टर की स्थापना और पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा देना होगा।
प्लास्टिक फ्री प्रदेश बनाना है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैसर्स एजीआई ग्रीन पैक की ग्लास विनिर्माण इकाई को लेकर कहा कि ग्लास उद्योग को प्रोत्साहित कर प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकती है। प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने तथा उद्योगों में इनके उपयोग की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। कंपनी को लगभग 27 एकड़ जमीन आवंटित है, जहां ग्लास विनिर्माण इकाई लगाई जा रही है। वर्तमान में इकाई का निर्माण कार्य जारी है। इस परियोजना में लगभग 1,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है तथा करीब 2,000 व्यक्तियों को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने मैसर्स बायोरा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाई जा रही बायोमास पैलेट्स पर कहा कि इस प्रकार की औद्योगिक इकाइयां फसल अवशेषों के बेहतर उपयोग और पराली प्रबंधन को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कृषि अपशिष्ट से बायोमास पैलेट्स एवं बायोचार का निर्माण कर अपशिष्ट का उपयोगी संसाधन के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे किसानों की आय बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण तथा औद्योगिक विकास को एक साथ प्रोत्साहन मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पोरसा और सबलगढ़ सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावना है। उद्योगों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
Created On :   18 Oct 2026 1:39 AM IST












