Bhopal News: 19 को राज्य सरकार बाजार से लेगी 4500 करोड़ कर्ज

19 को राज्य सरकार बाजार से लेगी 4500 करोड़ कर्ज

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। राज्य सरकार सोमवार 19 अक्टूबर को रिजर्व बैंक के माध्यम से अपनी सिक्युरिटीज का विक्रय कर बाजार से 4500 करोड़ रुपयों का नया कर्ज उठायेगी। यह कर्ज तीन हिस्सों में लिया जायेगा जिसमें पहला कर्ज 1 हजार करोड़ रुपयों का होगा जिसे मात्र 4 साल में चुकता किया जायेगा और इस दौरान इस पर साल में दो बार कूपन रेट पर सालाना ब्याज का भुगतान किया जायेगा।

दूसरा कर्ज 2 हजार करोड़ रुपयों का होगा जिसे 12 साल बाद अदा किया जायेगा एवं इस पर साल में दो बार 7.58 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज दिया जायेगा। तीसरा कर्ज 1500 करोड़ रुपयों का होगा जो 22 वर्ष बाद चुकाया जायेगा और इस बीच इस पर साल में दो बार 7.66 प्रतिशत सालाना की दर से ब्याज का भुगतान होगा। वर्तमान वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार बाजार से कुल 35 हजार 600 करोड़ रुपयों का कर्ज ले चुकी है तथा नया 4500 करोड़ रुपयों का कर्ज मिलाकर यह राशि 40 हजार 100 करोड़ रुपयों की हो जायेगी। राज्य पर कर्ज का सकल भार 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का है तथा नये कर्ज को लेने के लिये सरकार ने अपनी वित्तीय स्थिति अच्छी बताई है।

Created On :   18 Oct 2026 1:54 AM IST

Tags

Next Story