- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- जयस का भोपाल में प्रदर्शन, आदिवासी...
Bhopal News: जयस का भोपाल में प्रदर्शन, आदिवासी महिला ने ड्यूटी कर रहे पुलिस जवान को मारा थप्पड़

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। आदिवासी संगठन जयस द्वारा रविवार को भोपाल के अंबेडकर पार्क में किए गए प्रदर्शन के दौरान जयस की महिला कार्यकर्ता ने हबीबगंज थाने के ड्यूटीरत हवलदार बबलू त्रिपाठी को गाल पर जमकर थप्पड़ मारा। दरअसल, जयस ने 18 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान कर रखा था, जिसके चलते भोपाल में लगभग 200-250 कार्यकर्ता जुटे थे। इन्होंने भोपाल पहुंचने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले टोल नाकों पर भी हुडदंग की और टोल नहीं देने को लेकर विवाद किया। प्रदर्शनकारी टू आईसी मिसरोद थाना रतन सिंह के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
जयस के कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क से मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच एक महिला कार्यकर्ता ने बबलू को मारा। थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ है। थप्पड़ मारने के बाद पुलिस ने भीड़ को अलग-अलग थानों में ले जाया गया। आउटर के थानों में ले जाकर प्रदर्शनकारियों को छोड़ा गया।
गौरतलब है कि हवलदार बबलू लाॅ एंड ऑर्डर के अनुसार ड्यूटी कर रहे थे, कोई झूमाझटकी या विवाद की स्थिति नहीं थी फिर भी थप्पड़ मार दिया। बाद में थप्पड़ मारने वाली युवती ने यह तक कहा कि थप्पड़ मार कर कौन सी गलती कर दी। इधर, इस घटना के बाद भोपाल पुलिस में भारी आक्रोश है। पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक आरोपी महिला पर कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया, लेकिन बताया जा रहा है कि देर रात या सोमवार को केस दर्ज कर लिया जाए।
Created On :   20 Oct 2026 1:51 AM IST












