MP News: स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने किया उप मुख्यमंत्री के निवास का घेराव

स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने किया उप मुख्यमंत्री के निवास का घेराव

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भोपाल में युवा कांग्रेस ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के सरकारी निवास के घेराव की कोशिश की। बड़ी संख्या में घेराव के लिए जा रहे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच में ही रोक लिया। जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने शुक्ल के इस्तीफे का मांग करते हुए नारेबाजी की।

प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में न ही डॉक्टर हैं, न दवाइयां हैं और न ही मरीजों के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। मप्र की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। खुद स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले रीवा से लेकर भोपाल तक सरकारी लापरवाही के कारण लगातार निर्दोष लोगों की जानें जा रहीं। प्रदेश की जनता इलाज के अभाव में दम तोड़ रही है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री शुक्ल अपनी जवाबदेही से भाग रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आम जनता को इलाज, दवाइयों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा। लेकिन सरकार इस गंभीर स्थिति पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। जनता के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली पर जवाब देना होगा। प्रदेश में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

Created On :   13 Sept 2026 1:18 AM IST

Tags

Next Story