- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- सेवा-संकल्प के तहत 12 कार्यक्रमों...
Bhopal News: सेवा-संकल्प के तहत 12 कार्यक्रमों के जरिए 71 हजार से अधिक बूथों पर हर लाभार्थियों तक पहुंचेगी भाजपा

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भोपाल में सेवा संकल्प अभियान को लेकर संयुक्त पत्रकार वार्ता की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित हैं। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा यह सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान है।
प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा। वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत है। 40 से अधिक देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों की दिशा में भारत आगे बढ़ा है। भारत की डिजिटल व्यवस्था को दुनिया में व्यापक स्वीकार्यता मिली है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कठिन दौर में भी भारत ने अपनी क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। गरीब परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाया गया और देशवासियों को बड़े स्तर पर मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई गई।
प्रदेश में इंदौर और जबलपुर में गीता भवनों की शुरुआत भी हमारी सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। रीवा, ओंकारेश्वर, मुरैना, आगर और नीमच की परियोजनाएं प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा दे रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक प्रदेश की ऊर्जा खपत का बड़ा हिस्सा नवकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा हो। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में प्रदेश सरकार की भी सक्रिय भागीदारी है।
किसानों को पांच रुपये में स्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। साथ ही, नए नियमों के तहत वक्फ बोर्ड का गठन करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य बना है। मप्र एक वर्ष में सर्वाधिक निवेश लाने वाले देश के तीसरे राज्य के रूप में सामने आया है। अब तक लगभग 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
लाभार्थी रील्स बनाकर करेंगे सोशल मीडिया पर साझा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री की योजनाओं के लाभार्थियों की न्यूनतम 10-10 वास्तविक कहानियों (रील्स) को सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेश के सभी लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए जाएंगे। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी, जो एक मुख्य स्थल पर मिलकर ‘विकसित भारत-2047‘ का सामूहिक संकल्प लेंगी।सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद और जनसंपर्क समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
Created On :   13 Sept 2026 1:48 AM IST












