- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- उस इन्सान से सतर्क रहो जो आपके...
Chandrapur News: उस इन्सान से सतर्क रहो जो आपके दुश्मन का भी दाेस्त है और आपका भी

Chandrapur News भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि, पार्टी में आग लगानेवालों से सावधान रहे। लकड़ी के कीड़े पूरी कुर्सी खा लेते हंै, ऐसा ही अगर कोई पार्टी में कुर्सी के लिए आता है तो यह कुर्सी के कीड़े पार्टी और देश को खा लेंगे, इसका ख्याल रखने की अपील कार्यकर्ताओं से करते हुए कहा कि, दुश्मन से ज्यादा उस इन्सान से सतर्क रहो जो आपके दुश्मन का भी दोस्त है और आपका भी।
यह बयान पार्टी में उनके विरोधियों के लिए माना जा रहा है। सोमवार को गांधी चौक में भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुनगंटीवार ने ‘संकल्प से सिद्धि’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए नए संकल्प और ऊर्जा का दिन है।
इस दौरान चंद्रपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों तुकम, शास्त्रीनगर, बंगाली कैंप, विवेक नगर, बाबूपेठ, भानापेठ, नगीनाबाग, पडोली, मोरवा सहित अन्य प्रभागों से आए कुल 1630 कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया। इनमें अल्पसंख्यक व ख्रिश्चन समाज के लोगों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभी का स्वागत दुपट्टा पहनाकर किया गया। मुनगंटीवार ने 2027 तक चंद्रपुर में 10 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं का मजबूत संगठन तैयार करने का लक्ष्य रखा और आगामी 6 अप्रैल 2027 को चांदा क्लब ग्राउंड में स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन विस्तार करने और हर वर्ग के लोगों को जोड़ने का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शर्मा, महापौर संगीता खांडेकर, वरिष्ठ नेता प्रमोद कडू, राजेंद्र गांधी, विजय राऊत, राहुल पावडे, डॉ. मंगेश गुलवाडे सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Created On :   8 April 2026 3:40 PM IST















