बड़ामलहरा न्यूज: सिद्धचक्र महामंडल विधान में हस्तकरघा वस्त्रों के फैशन शो ने छोड़ी अमित छाप

सिद्धचक्र महामंडल विधान में हस्तकरघा वस्त्रों के फैशन शो ने छोड़ी अमित छाप
अहिंसा,स्वदेशी और स्वरोजगार को संबल देने का हुआ सार्थक प्रयास

डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा/छतरपुर सिद्धचक्र महामंडल विधान के पावन अवसर पर अजितनाथ जिनालय के समीप विशाल पंडाल में विगत रात्रि में एक ऐसे अनूठे हथकरघा वस्त्रों के फैशन शो का आयोजन किया गया,जिसने सभी दर्शकों को लुभाया और इनके मानस पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।साथ ही अहिंसा, स्वावलम्बन,स्वदेशी और स्वरोजगार सृजित करने का एक सार्थक संदेश भी दिया।यह कार्यक्रम आर्यिकाश्री अनर्घमति माताजी के ससंघ मार्गदर्शन और प्रेरणा से आयोजित किया गया।

डा सुमति प्रकाश जैन एवं श्री विकास जैन ने बताया कि इस आयोजन की सबसे विशेष एवं प्रेरणादायी बात यह रही कि सभी प्रतिभागियों ने हस्तकरघा से निर्मित सुंदर वस्त्रों को विभिन्न धार्मिक कथानकों के पात्रों का वेश धारण कर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक परिधानों, उत्कृष्ट अभिनय एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे आयोजन में चार चाँद लगा दिए। सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से भारतीय संस्कृति, स्वदेशी वस्त्रों और अहिंसक जीवनशैली का अद्भुत संदेश दिया।किसी भी सिद्धचक्र महामंडल विधान में पहली बार आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रख्यात संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के स्वप्न को साकार करना तथा हस्तकरघा से निर्मित वस्त्रों के प्रतिजन-जागरूकता बढ़ाना रहा। आचार्य श्री का संदेश हमें प्रेरणा देता है कि हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएँ, श्रम का सम्मान करें और अपने दैनिक जीवन में अहिंसक जीवन शैली को स्थान दें।हस्तकरघा के वस्त्र केवल परिधान नहीं, बल्कि स्वदेशी, स्वावलंबन, श्रम-सम्मान और अहिंसा के जीवंत प्रतीक हैं।

विधान का कुशल संचालन एवं निर्देशन कर रहे विद्वान बा.ब्र.संजीव भैया ने सभी को प्रेरित किया है कि सभीजन अधिक से अधिक हस्तकरघा निर्मित वस्त्रों का उपयोग करें और आचार्यश्री के विचारों को अपने जीवन में उतारकर उनके सपनों को साकार करने में सहभागी बनेंगे।इस अद्भुत, अभिनव एवं प्रेरणादायी आयोजना की परिकल्पना करने वाले समस्त आयोजकों और प्रतिभागियों की दर्शकों ने भूरी भूरी सराहना की है।


Created On :   11 Oct 2026 4:58 PM IST

Tags

Next Story