- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- संतरांचल के दवामी गांव में २० मकान...
Chhindwara News: संतरांचल के दवामी गांव में २० मकान जलकर राख, गृहस्थी के अलावा एक दर्जन पशुओं की मौत

Chhindwara News: पांढुर्णा जिले के सौंसर तहसील मुख्यालय से 13 किमी दूर दवामी टोला शनिवार की शाम आग से धधक उठा। खेत के एक मकान में लगी आग ने गांव के 20 मकानों को अपनी चपेट में लिया। आग से घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। वहीं एक दर्जन पशुओं की झुलसकर मौत हो गई। घटना के दौरान तेज आंधी होने से आग पर नियंत्रण पाने में सात फायर वाहनों को तीन घंटे लगे। आग में कोई हताहत नहीं हुआ। आग कैसे लगी स्पष्ट नहीं है। कहा जा रहा है कि गांव के निकट खेत की मेढ़ पर जलाए गए कचरे की आग आंधी से गांव तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने तांडव का रुप ले लिया।
शुरुआत में एक मकान में लगी आग को ग्रामीणों ने नियंत्रित करने का प्रयास किया था, लेकिन इस दौरान चली तेज आंधी के चलते वे सफल नहीं हो पाए। सौंसर से फायर पहुंचते तक आग ने गांव के अन्य मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
घर छोड़ भागे ग्रामीण
आग नियंत्रण से बाहर होते देख ग्रामीण घरों से जो साथ ले जा सके सामान लेकर टोला छोडक़र भागे। आग पर नियंत्रण पश्चात जिनके मकान सुरक्षित रहे उन्होंने राहत की सांस ली और पीडि़तों की सहायता में आगे आए।
इसलिए फैली आग
दवामी ग्राम रामपेठ पंचायत का एक टोला है, यहां 45 मकान है। सभी मकान कच्चे छत के है। मकान के पीछे पशुओं को बांधने की व्यवस्था होने से यहां बड़ी तादाद में रखे सूखे चारे से आग तेजी से फैली।
इनका कहना है...
मौके पर प्रशानिक अधिकारी मौजूद है। हमारा पहला प्रयास है आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाए। इसके पश्चात नुकसान का आंकलन करेंगे।
- प्रियंका मिश्रा, प्रभारी एसडीएम
नरवाई की आग से जला मकान
चौरई के केरिया झिरिया में शनिवार की शाम करीब पांच बजे नरवाई में लगी आग तेज हवाओं के साथ गांव तक पहुंच गई। आग से एक मकान जलकर राख हो गया।
Created On :   3 May 2026 1:27 PM IST














