- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- 16 बेड पर सिर्फ 1 कूलर, गर्मी से...
जिला अस्पताल: 16 बेड पर सिर्फ 1 कूलर, गर्मी से प्रसूताएं बेहाल, बिलख रहे नवजात

Chhindwara News: गर्मी के बीच मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के गायनिक वार्ड बदहाली की एक तस्वीर सामने आई है। वार्ड के पिछले हिस्से में 16 बेड का एक हॉल है, यहां प्रसव पश्चात प्रसूताओं को रखा जाता है। गर्मी से राहत के लिए इस यूनिट में सिर्फ 1 कूलर दिया गया है। सुबह से ही सूरज की तपन बढ़ने के साथ भीषण गर्मी और उमस से प्रसूताएं व नवजात हलाकान है।
दरअसल इस बिल्डिंग में सीजर के बाद पेशेंट को भर्ती करने की व्यवस्था बनाई गई है। यहां ओटी के बाद प्रसूताओं को शिफ्ट कर उनकी देखरेख की जाती है, लेकिन इस गर्मी से भर्ती मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही है। परिजनों का कहना है कि यहां कम से कम दो कूलर तो होने चाहिए। ताकि भर्ती पेशेंट और नवजात को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सके।
वार्ड के भीतर उमस से मरीज हलाकान
गायनिक यूनिट के प्रसव पूर्व वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं के लिए गर्मी आफत बनी हुई है। वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या अधिक होने और उनके परिजनों की भीड़ भी उमस की बड़ी वजह है। स्टाफ द्वारा वार्ड से लोगों की भीड़ कम करने लगातार प्रयास किया जाता है, लेकिन लोग विवाद करने तैयार हो जाते है।
क्या कहते हैं अधिकारी
गायनिक यूनिट के इस हिस्से में कूलर बढ़ाए जाएंगे। ताकि मरीजों को गर्मी और उमस से राहत मिल सके। वार्ड के अन्य हिस्सों में पर्याप्त कूलर व पंखों की व्यवस्था है।
- डॉ.आशुतोष सूर्यवंशी, प्रभारी आरएमओ, जिला अस्पताल
Created On :   4 May 2026 6:36 PM IST












