Chhindwara News: सिंगोड़ी के पिंडरई डबीर पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा

सिंगोड़ी के पिंडरई डबीर पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा
शादी से लौट रहे बाइक सवार पेड़ से टकराए, एक मृत, दो गंभीर

Chhindwara News: सिंगोड़ी चौकी क्षेत्र के पिंडरई डबीर से लगे पेट्रोल पंप के समीप रविवार को बाइक सवार युवक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए। हादसे में घायल युवकों को पुलिस ने अमरवाड़ा अस्पताल पहुंचाया था। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

वहीं दाे युवकों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। युवक शादी समारोह से वापस अपने गांव देवर्धा लौट रहे थे। रास्ते में वे हादसे का शिकार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार को देवर्धा निवासी जितेंद्र पिता ज्ञानी उईके, जितेंद्र पिता बैजनाथ धुर्वे और अक्कू उईके शादी समारोह में शामिल होने अमरवाड़ा आए थे। रविवार सुबह वे बाइक से वापस लौट रहे थे। पिंडरई डबीर से लगे पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए। हादसे में तीनों को गंभीर चोट आई थी।

घायलों को पुलिस ने अमरवाड़ा अस्पताल लाया था। यहां चिकित्सकों ने जितेन्द्र उईके को मृत घोषित कर दिया। वहीं जितेन्द्र धुर्वे, अक्कू उईके को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों द्वारा 108 पर कॉल किया गया था, काफी देर तक एम्बुलेंस न आने पर पुलिस वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

Created On :   20 April 2026 2:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story