एटीएम लूट की साजिश नाकाम: डकैती की योजना बना रहे 2 बदमाश और एक नाबालिग गिरफ्तार

डकैती की योजना बना रहे 2 बदमाश और एक नाबालिग गिरफ्तार
आरोपियों के खिलाफ धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी आदतन अपराधी है।

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम में डकैती की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

देहात टीआई गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि काराबोह डेम के पास खंडहर में 4–5 युवक तलवार, चाकू, हथौड़ा और लोहे की रॉड लेकर खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम में बुधवार देर रात डकैती डालने की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से एक नाबालिग सहित नीरज उर्फ टुटू उईके (18) और राहुल टेकाम (19) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं परस उर्फ परसराम सूर्यवंशी और कटर उर्फ अभिषेक यादव झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

गिरफ्तार आरोपियों से एक धारदार तलवार, चाकू, हथौड़ा और लोहे की रॉड बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी आदतन अपराधी है।

Created On :   30 July 2026 6:34 PM IST

Tags

Next Story