- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- अब गोंडवाना विवि देगा यूपीएससी व...
Gadchiroli News: अब गोंडवाना विवि देगा यूपीएससी व एमपीएससी का नि:शुल्क प्रशिक्षण

Gadchiroli News आदिवासी बहुल चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले के विद्यार्थियों के लिए पृथक रूप से आरंभ किए गए गोंडवाना विश्व विद्यालय द्वारा अब विद्यार्थियों को नि:शुल्क रूप में यूपीएससी और एमपीएससी का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए विवि प्रबंधन अपनी साधारण निधि से 1 करोड़ रुपए की निधि खर्च करेगी। इस आशय की जानकारी विवि कुलगुरु डा. प्रशांत बोकारे ने पत्र परिषद में दी।
आगामी 2 अक्टूबर को विवि स्थापना की पंद्रहवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह के दौरान इस प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस संदर्भ में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कुलगुरु डा. बोकारे ने कहा कि, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती के दिन गोंडवाना विश्व विद्यालय की स्थापना को 15 वर्ष पूर्ण हो रहे हंै। इस उपलक्ष्य में विशेष समारोह का आयोजन किया गया है। जिसकी अध्यक्षता कुलगुरु डा. बोकारे करेंगे।
प्रमुख अतिथि के रूप में नागपुर के लक्ष्मीनारायण अभिवन तकनीकी विवि के कुलगुरु डा. अतुल वैद्य उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथियों में जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा और अन्य उपस्थित रहेंगे। इस समारोह में स्व. डा. शिवनाथ कुंभारे को मरणोपरांत और डा. राजन पन्नालाल जयस्वाल को जीवनसाधना गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक और विद्यार्थियों को भी पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। आयोजित समारोह में अतिथियों से उपस्थिति की अपील विवि के कुल सचिव डा. अनिल हिरेखन ने पत्र परिषद के दौरान की।
Created On :   1 Oct 2026 4:09 PM IST














