- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- गडचिरोली के कोरची में बढ़ा मलेरिया...
Gadchiroli News: गडचिरोली के कोरची में बढ़ा मलेरिया का प्रकोप, चार दिन में मलेरिया से दो मरीजों की मृत्यु

- स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
- जंगल होने की वजह से मच्छरों का प्रमाण अधिक
Gadchiroli News गड़चिरोली जिले के अतिदुर्गम कोरची तहसील में मलेरिया का प्रकोप बढ़ा है। इस वजह से कोरची के ग्रामीण अस्पताल समेत स्थानीय तहसील अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मलेरिया के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि होते दिखाई दे रही है। बुधवार, 9 जुलाई को एक युवती व 5 जुलाई को एक व्यक्ति ऐसे दो मरीजों की मलेरिया से मृत्यु हुई है।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया निर्मूलन के लिए प्रयास करता दिखाई नहीं दे रहा है। जिसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर नागरिकों द्वारा सवाल उठाया जा रहा है। मलेरिया से मृत युवती का नाम कोरची तहसील की भीमपुर निवासी सिंधु संताराम तोफा (18) है। वहीं 5 जुलाई को मृत मरीज का नाम टेमली निवासी भगवानसिंह फूलसिंह (70) है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरची तहसील में घना जंगल होने की वजह से मच्छरों का प्रमाण अधिक है। तहसील में सुविधाओं का अभाव है। वहीं अनेक जगहों पर जलजमाव होने से मच्छरों की संख्या में बढोतरी होती है।
मलेरिया समेत अन्य बीमारियों के संबंध में तहसील के नागरिकों में अज्ञान है। जिससे मृत्यु होने के मामले उजागर हो रहे हैं। जिससे स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों में मलेरिया व अन्य बीमारियों के संबंध में जनजागृति करने की मांग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी नागरिकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती होने का मार्गदर्शन करें, ऐसी मांग की जा रही है। कोरची तहसील के भीमपुर गांव में ओर दो मरीज मलेरिया पाॅजिटिव होने की जानकारी है। इसमें से एक लड़के को गड़चिरोली के जिला अस्पताल में भर्ती किए जाने की जानकारी बताई जा रही है।
Created On :   10 July 2025 3:58 PM IST