Gadchiroli News: गडचिरोली में टस्कर हाथियों ने गोदाम का शटर तोड़कर तहस-नहस कर दिया धान

गडचिरोली में टस्कर हाथियों ने गोदाम का शटर तोड़कर तहस-नहस कर दिया धान
  • दोनों हाथी काफी नुकसान कर रहे
  • धान के पौधों को रौंद डाला
  • लोगों में है भारी दहशत

Gadchiroli News झुंड से भटके 2 टस्कर हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। भोजन की तलाश में पिछले अनेक दिनों से यह दोनों हाथी काफी नुकसान करते हुए लोगों में अपनी दहशत निर्माण कर रहे है। देर रात को इन दोनों हाथियों ने तहसील के ग्राम वड़धा में प्रवेश किया। जहां हाथियों ने गांव के एक गोदाम का शटर तोड़कर गोदाम में रखा धान तहस-नहस कर दिया। इसके बाद हाथियों ने वड़धा निवासी ईश्वर नागोसे नामक किसान के घर परिसर में प्रवेश किया। लोगों द्वारा खदेड़ने का प्रयास करने पर हाथियों ने खेत की ओर अपना मोर्चा बढ़ाया। जहां हाथियों ने किसानों द्वारा बोये गये धान के पौधों को भी अपने पैरों तले रौंद दिया।

हाथियों के गांव परिसर में प्रवेश करने से वड़धा के नागरिक पूरी रात जागे रहें। वहीं अब लोगों में भयपूर्ण माहौल बना हुआ है। पिछले अनेक दिनों से दो टस्कर हाथी आरमोरी तहसील के वनक्षेत्र में विचरण कर रहें है। यह दोनों हाथी नर होकर आकार में विशालकाय है। जिससे लोगों में इन दोनों हाथियों की दहशत बरकरार है। गुरूवार की देर रात 12 बजे के दौरान दोनों हाथियों ने जंगल के रास्ते होते हुए वड़धा गांव परिसर में प्रवेश किया। जहां हाथियों ने सर्वप्रथम आदिवासी विकास महामंडल के एक गोदाम का शटर तोड़ा और गोदाम में रखा धान तहस-नहस कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के नागरिकों ने टॉर्च की मदद से हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया। इस बीच हाथियों ने दौड़ लगाते हुए ईश्वर नागोसे नामक घर के आंगन में प्रवेश किया। जहां से हाथियों ने खेत परिसर की ओर पलायन किया। खेत में जाते समय हाथियों ने धान के पौधों को भी तहस-नहस कर दिया है। जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। हाथियों द्वारा धान के पौधों को अपने पैरों तले रौंदने के कारण अब संबंधित किसानों को दोबारा बुआई करनी पड़ेगी। उधर घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार की सुबह वनविभाग की टीम ने वड़धा गांव पहुंचकर नुकसान का पंचनामा किया। इस घटना के चलते वड़धा के नागरिकों में भयपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Created On :   28 Jun 2025 3:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story