- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- फिर कटघरे में स्वास्थ्य सेवा:...
Gadchiroli News: फिर कटघरे में स्वास्थ्य सेवा: गर्भवती को समय पर दाखिल नहीं किया, गई जान

Gadchiroli News ग्रामीण क्षेत्र में गर्भवती माताओं के साथ किशोरियों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सरकार ने आशा सेविकाओं के साथ सीएचओ को नियुक्त किया है। इन कर्मचारियों के पास गर्भवती माताओं की पूरी जानकारी होती है। बावजूद इसके तहसील के ग्राम कोसमी में एक गर्भवती माता की प्रसूति की निर्धारित तिथि गुजर जाने के बाद भी उसे समय पर अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया जिस समय ऑक्सीजन लेवल कम हुआ, ऐसी अपातकालीन स्थिति में गर्भवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गर्भवती की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी। इस बीच डाॅक्टरों ने नवजात बच्चे को बचाने में सफलता पायी। समय पर गर्भवती को अस्पताल में भर्ती कराया जाता तो उसकी जान बच सकती थी, ऐसा आरोप परिजनों द्वारा लगाया जा रहा है। इस घटना के चलते एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग के दावे धरे के धरे रह गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील के कोसमी गांव निवासी अमरिका मडावी नामक गर्भवती के प्रसूति की तिथि दो दिन पूर्व निर्धारित की गयी थी। उसे तय तिथि के पूर्व ही अस्पताल में भर्ती कराना आवश्यक था। लेकिन गांव की किसी आशा सेविका अथवा सीएचओ ने उसे अस्पताल में भर्ती नहीं कराया। इस बीच रविवार, 12 जुलाई की रात गर्भवती अमरिका की अचानक तबीयत खराब हो गयी।
परिजनों ने उसे तत्काल कोरची के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। मात्र उसका ऑक्सिजन लेवल कम होने से उसे गड़चिरोली के अस्पताल में रेफर किया गया। जहां सोमवार की सुबह उसकी सिजेरियन से प्रसूति करायी गयी, लेकिन ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण अमरिका की मृत्यु हो गयी। इस दौरान डाॅक्टरों ने नवजात को बचा लिया। अब घटना को लेकर मडावी परिवार ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तय तिथि के पूर्व ही यदि गर्भवती को अस्पताल भर्ती कराया जाता तो उसकी जान बच सकती थी, ऐसा आरोप परिजनों ने लगाया है।
Created On :   14 July 2026 2:04 PM IST















