- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- सिरोंचा के खरीदी केंद्रों पर खुले...
Gadchiroli News: सिरोंचा के खरीदी केंद्रों पर खुले आसमान के नीचे पड़ा धान सड़ने की कगार पर

Gadchiroli News गड़चिरोली जिले के अंतिम छोर पर स्थित सिरोंचा तहसील में धान खरीदी केंद्रों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। आदिवासी विकास महामंडल द्वारा पिछले दो वर्षों में खरीदा गया धान आज भी कई केंद्रों पर खुले में पड़ा हुआ है। लगातार बारिश और हाल ही में शुरू हुई बेमौसम बारिश के कारण यह धान भीगकर काला पड़ गया है और अब सड़ने की कगार पर पहुंच गया है। इससे सरकार को करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सरकार द्वारा आदिवासी विकास महामंडल के माध्यम से धान खरीदी केंद्रों पर किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाता है, जिससे उन्हें निजी व्यापारियों की तुलना में बेहतर दाम और बोनस मिलता है। हालांकि, खरीदी के बाद धान का समय पर उठाव और सुरक्षित भंडारण भी उतना ही आवश्यक होता है। लेकिन सिरोंचा तहसील के झिंगानूर, वडधम और आरड़ा जैसे धान खरीदी केंद्रों पर खरीदा गया धान पिछले दो वर्षों से खुले में ही पड़ा हुआ है। उचित भंडारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह धान बारिश में भीगता रहा और अब उसकी गुणवत्ता खराब हो चुकी है।
हाल के दिनों में जिले में मौसम परिवर्तन के चलते बेमौसम बारिश हो रही है, जिससे खुले में रखे धान के पूरी तरह सड़ने का खतरा और बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत से फसल तैयार की, लेकिन उसकी ऐसी दुर्दशा देखना बेहद दुखद है।
इस पूरे मामले को लेकर किसानों में आदिवासी विकास महामंडल के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि झिंगानूर, वडधम और आरड़ा केंद्रों पर पड़े धान का तत्काल उठाव किया जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
Created On :   8 April 2026 3:24 PM IST















