Gadchiroli News: तेंदूपत्ता संकलन करने गई दो महिलाएं जंगली सुअर के हमले में हुई घायल

तेंदूपत्ता संकलन करने गई दो महिलाएं जंगली सुअर के हमले में हुई घायल
नांदली और मौशी के जंगल हुई घटना

Gadchiroli News कुरखेड़ा जंगली सुअर के हमले में दो महिलाएं घायल हो गई। पहली घटना में कोरची से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित हेटालकसा गांव निवासी लछनीबाई हेमंतकुमार उईके (उम्र 26 वर्ष) बुधवार, 13 मई की सुबह अन्य महिला-पुरुषों के साथ तेंदूपत्ता संकलन के लिए नांदली जंगल गई थीं। इसी दौरान जंगल में घात लगाए बैठे एक जंगली सुअर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला का शोर सुनकर अन्य महिला और पुरुष तुरंत मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह जंगली सुअर को भगाया, जिससे महिला की जान बच सकी। घटना के बाद घायल महिला को पहले पिकअप वाहन से हेटालकसा लाया गया, जिसके बाद उसके पति ने मोटरसाइकिल से उसे कोरची ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीण अस्पताल के वैद्यकीय अधिकारी डॉ. आशिष विटणकर ने महिला का उपचार किया।

महिला के सिर के दाहिने हिस्से तथा पैर में चोट आई है। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे और महिला का बयान दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि चार दिन पहले भी बोडेना जंगल क्षेत्र में तेंदूपत्ता संकलन के दौरान जंगली सुअर के हमले में दो पुरुष और एक महिला घायल हुए थे। वह घटना अभी ताजा ही थी कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे फिर एक महिला पर हमला होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। दूसरी घटना में कुरखेड़ा तहसील के मौशी गांव में तेंदूपत्ता संकलन के लिए जंगल गई एक महिला मजदूर पर जंगली सुअर ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

यह घटना 12 मई की शाम के दौरान उजागर हुई। घायल महिला का नाम विद्या ताराचंद चांभारे (35) बताया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील में इन दिनों तेंदूपत्ता सत्र जोर-शोर से शुरू है। सुबह के समय मजदूर तेंदूपत्ता संकलन के लिए जंगल पहुंच रहें है। मंगलवार की सुबह मौशी गांव के कुछ महिला एवं पुरुष मजदूर के समीपस्थ जंगल परिसर में तेंदूपत्ता संकलन कर रहे थे। इसी दौरान जंगली सुअर ने विद्या चांभारे पर हमला कर दिया। उनके साथ मौजूद मजदूरों ने मदद के लिए दौड़ लगाई, जिससे जंगली सुअर जंगल की ओर भाग गया। घायल महिला को तत्काल उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच महिला को वित्तीय मदद देने की मांग मौशी गांव के नागरिकों ने की है।

Created On :   14 May 2026 3:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story