- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- शहीद जवान के बेटे से 2.16 करोड़ की...
Gadchiroli News: शहीद जवान के बेटे से 2.16 करोड़ की ठगी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Gadchiroli News शहीद पुलिस जवान के बेटे को वर्ग-1 की सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 करोड़ 16 लाख 79 हजार 100 रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गड़चिरोली पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई पुणे जिले में पहुंचकर की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञानेश्वर शिवाजी वरे (30), निवासी वरोडी खुर्द, तहसील भोर (जिला पुणे) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गड़चिरोली जिला पुलिस बल में कार्यरत पुलिस जवान गणपत नेहरू मडावी वर्ष 2013 में तोड़गट्टा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। शासकीय नियमों के तहत शहीद के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने का प्रावधान है। इसी आधार पर उनके बड़े बेटे सागर मडावी ने अनुकंपा नियुक्ति के तहत वर्ग-1 पद के लिए आवेदन किया था।
इसी दौरान सागर मडावी की मुलाकात आरोपी ज्ञानेश्वर वरे से हुई। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताकर सागर को उपजिलाधिकारी पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। विश्वास में लेकर उसने समय-समय पर सागर से कुल 2.16 करोड़ रुपए की रकम ठग ली। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने और आरोपी द्वारा संपर्क बंद कर देने पर सागर मडावी ने गड़चिरोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी का लोकेशन पुणे में मिलने पर एलसीबी और शहर पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 21 अप्रैल की देर शाम पुणे पहुंचकर राजगढ़ पुलिस थाने के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस ठगी प्रकरण में चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल और अपर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक समाधान दौड, सहायक पुलिस निरीक्षक विजय मुसनवार तथा उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच जारी है।
Created On :   23 April 2026 4:48 PM IST














