उत्साह: गडचिरोली में मतदान के बाद ही घोड़ी चढ़ा दूल्हा, परिजनों ने भी पहले किया मतदान

गडचिरोली में मतदान के बाद ही घोड़ी चढ़ा दूल्हा, परिजनों ने भी पहले किया मतदान
  • मतदान के बाद भंडारा के लिए निकली बारात
  • रिश्तेदारों में रही दूल्हे की चर्चा
  • गांव के लोगों ने बढ़चढ़कर लिया हिस्सा

डिजिटल डेस्क, देसाईगंज (गड़चिरोली)। देसाईगंज तहसील के तुलशी गांव में आयोजित विवाह समारोह में दूल्हे ने अपनी बारात निकालने के पूर्व मतदान करने का निर्णय लिया। बारात बाद में, पहले मतदान का संकल्प लेने से तुलशी गांव के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया। इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, तुलशी गांव निवासी सुरेश अवसरे के पुत्र प्रफल्ल का भंडारा जिले के सोनी चप्राड़ निवासी आनंद भावे की पुत्री शिल्पा के साथ शुक्रवार, 19 अप्रैल को विवाह तय हुआ था। यह विवाह दुल्हन के गांव सोनी चप्राड़ में होने वाला था।

वर पक्ष के सभी लोगों ने विवाह की सारी तैयारी पूर्ण कर ली थी। दूल्हे ने भी सारी तैयारी कर ली थी , लेकिन मतदान का समय आते ही वर प्रफुल्ल ने पहले मतदान करने का निर्णय लिया। बारात निकालने के पूर्व प्रफुल, उसके माता-पिता और अन्य परिजनों ने तुलशी गांव के बूथ क्रमांक 132 में पहले मतदान किया और उसके बाद ही अपने घर से दूल्हे की बारात निकाली।

मुख्य बाजार में छाया रहा सन्नाटा : लोकसभा चुनाव के मतदान और इस कार्य के लिए जिला प्रशासन द्वारा दी गयी छुट्टी के कारण शुक्रवार को सुबह से जिला व तहसील मुख्यालयों के मुख्य बाजार में सन्नाटा छाया रहा। गड़चिरोली के मुख्य इंदिरा गांधी चौक समेत मुख्य बाजार और सड़कों पर भी सन्नाटा बना रहा। बता दें कि, शुक्रवार की सुबह 7.30 बजे से ही शहर के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ हो गयी थी।

इस बीच मतदान के कुछ दिन पूर्व ही जिला चुनाव अधिकारी व जिलाधिकारी संजय दैने ने जिले के सभी साप्ताहिक बाजार, मुख्य दुकानें और निजी कंपनियों को बंद रखने के आदेश जारी किये थे। इस कारण शहर की सारी दुकानें सुबह से ही बंद रखी गयी। मतदान के दिन सुबह 10 बजे से ही तापमान बढ़ने लगा था। करीब 40 डीग्री तापमान होने के कारण सुबह ही अधिकांश मतदाताओं ने मतदान किया।

Created On :   20 April 2024 12:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story