दबिश: गड़चिरोली पुलिस के हाथ लगी सफलता, डेढ़ लाख का इनामी जनमिलिशिया सदस्य गिरफ्तार

गड़चिरोली पुलिस के हाथ लगी सफलता,  डेढ़ लाख का इनामी जनमिलिशिया सदस्य गिरफ्तार
  • संदेहास्पद व्यक्ति को हिरासत में लेकर की पूछताछ
  • नक्सलियों को छिप कर करते हैं सहायता
  • चप्पे-चप्पे पर पुलिस रख रही है नजर

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। गड़चिरोली जिला पुलिस विभाग के सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता हाथ आयी है। पुलिस जवानों ने रविवार, 21 अप्रैल को भामरागढ़ शहर के बाजार परिसर से एक संदेहास्पद व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान वह जनमिलिशिया सदस्य होने का पाया गया है। (जनमिलिशिया सदस्य यानि जो नक्सलियों को छुपे तौर पर मदद करते हैं ) नक्सलियों के लिए कार्य कर रहे इस व्यक्ति पर महाराष्ट्र सरकार ने डेढ़ लाख रुपए का इनाम भी घाेषित किया था। गिरफ्तार जनमिलिशिया सदस्य का नाम भामरागढ़ तहसील के नेलगुंडा गांव निवासी दिलीप मोतीराम पेंदाम (34) है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिलेभर में पुलिस एक्शन मोड पर कार्य कर रही है। हालांकि, शुक्रवार को जिलेभर में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है। मात्र अब भी पुलिस जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात होकर हर संदेहास्पद गतिविधि पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। इस बीच रविवार की दोपहर भामरागढ़ शहर के बाजार में दिलीप पेंदाम संदेहास्पद स्थिति में पाया गया।

पुलिस टीम द्वारा उसे हिरासत में लेने के बाद वह जनमिलिशिया सदस्य होने का पाया गया। गत 22 मार्च 2023 को भामरागढ़ तहसील के नेलगुंडा जंगल में 1 क्लेमोर और 2 कूकर बम लगाने के मामले में लाहेरी उपपुलिस थाना में दिलीप के खिलाफ धारा 307, 353, 341, 143, 147, 148, 149, 120(ब) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह पता चला है कि, दिलीप हर समय नक्सलियों को किसी न किसी काम में मदद करता था। नक्सलियों को राशन पहुंचाने के साथ गांव के लोगों को नक्सली सभाओं के लिए जबरन ले जाना, लोगों को भड़काकर पुलिस के खिलाफ षड़यंत्र रचना, नक्सली सप्ताह के दौरान जगह-जगह बैनर लगाना, पर्चे बांटने जैसे कार्य उसके द्वारा किये जाते थे। सरकार ने उस पर 1 लाख 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। सोमवार को उसे गड़चिरोली मुख्यालय लाने की जानकारी मिली है।

अब तक 78 नक्सली गिरफ्तार

गड़चिरोली पुलिस दल की प्रभावि कार्रवाई के चलते जनवरी 2022 से अब तक कुल 78 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण नीति के तहत समर्पण करने की अपील की है।

Created On :   23 April 2024 11:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story