जलसंकट: हैंडपंप से निकल रहा लाल पानी, गडचिरोली के बेजुरपल्ली में गहराया भीषण जलसंकट

हैंडपंप से निकल रहा लाल पानी, गडचिरोली के बेजुरपल्ली में गहराया भीषण जलसंकट
  • प्यास बुझाने के लिए लोगों को लंबी दूरी से लाना पड़ रहा पानी
  • जंगयुक्त पानी के कारण जनस्वास्थ्य खतरे में
  • प्रशासन द्वारा कोई उपाययोजना नहीं किए जाने से नागरिकों में रोष

डिजिटल डेस्क, सिरोंचा (गड़चिरोली)। जैसे-जैसे सूरज आग उगल रहा है, वैसे-वैसे जिले के ग्रामीण अंचल में जलसंकट की स्थिति निर्माण हो रही है। तहसील मुख्यालय से 70 किमी दूरी पर स्थित ग्राम बेजुरपल्ली में इन दिनों भीषण जलसंकट गहरा गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा ग्रामीणों के लिए खोदे गए हैंडपंप से लाल पानी निकल रहा है जिसके कारण अपनी प्यास बुझाने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय कर नाले से पानी ढोना पड़ रहा है।

जल समस्या विकराल रूप धारण करने के बाद भी स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई उपाययोजना नहीं किए जाने से नागरिकों में रोष व्यक्त होने लगा है। तेलंगाना राज्य की सीमा पर बेजुरपल्ली गांव बसा हुआ है। यह गांव पूरी तरह आदिवासी बहुल होकर स्थानीय प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए हैंडपंप की व्यवस्था कर रखी है। साथ ही संभावित जलसंकट को दूर करने के लिए गांव के लिए जल योजना भी मंजूर की गयी है। नल योजना के लिए पानी की टंकी का निर्माणकार्य मंजूर किया गया। लेकिन एक वर्ष से टंकी का निर्माणकार्य अधर में पड़ा हुआ है।

गांव में मौजूद हैंडपंप अब स्वयं ही प्यासे नजर आ रहे हैं। कुछ हैंडपंप से जंगयुक्त लाल पानी निकल रहा है। ऐसा पानी पीने से स्वास्थ्य कभी भी खराब हो सकता है। इस कारण लोगों ने हैंडपंप के पानी का उपयोग बंद कर दिया है। अब लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए लंबी दूरी तय कर नाले में जाना पड़ रहा है। इस नाले से बैलगाड़ी अथवा कांवड़ की मदद से अपनी प्यास बुझाने के लिए लोगों को पानी ढोना पड़ रहा है। सोमवार को बेजुरपल्ली निवासी सन्नी सुंगा वेलादी ने हैंडपंप से जंगमिश्रित लाल पानी निकालकर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। नागिरकों ने कहा है कि जंगयुक्त पानी के कारण जनस्वास्थ्य खतरे में है। इस कारण गांव में निर्माण हुए जलसंकट का तत्काल निवारण करने की मांग भी उन्होंने की है।

जल्द होगा समस्या का निवारण जंग मिश्रित लाल पानी काे परीक्षण करने के लिए लैब भेज दिया गया है। जलसंकट के निवारण के लिए तत्काल कड़े कदम उठाए जाएंगे। समस्या का जल्द निवारण कर नागरिकों को राहत दी जाएगी। -अनिल कुमार पटले, विस्तार अधिकारी, पंस सिरोंचा

Created On :   19 March 2024 10:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story