Jabalpur news: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर
चार दिन तक चलने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। शहर के गौरीघाट, तिलवारा घाट, हनुमानताल, अधारताल तालाब सहित प्रमुख घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। उगते सूर्य की लालिमा के बीच व्रतधारियों ने टोकरी में ठेकुआ, फल और सूप सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
कैसे हुआ समापन पूजन -
आज सुबह ब्रह्म मुहूर्त में ही व्रती महिलाएं और पुरुष घाटों पर पहुंच गए। व्रती लगातार 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं। कमर भर पानी में खड़े होकर बांस की टोकरी में रखे नए वस्त्र, ठेकुआ, गन्ना, नारियल, केला, सेब और सूप से उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। मान्यता है कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने से संतान की लंबी उम्र, परिवार में सुख-समृद्धि और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। अर्घ्य के बाद घाट पर ही प्रसाद का वितरण कर व्रत का पारण किया गया।
इस मौके पर घाटों पर बिहार, यूपी और झारखंड की संस्कृति की झलक दिखी। महिलाओं ने पारंपरिक लोक गीत गाए - 'कांच ही बांस के बहंगिया...' से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
छठ पर्व नहाय-खाय से शुरू होता है, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ इसका समापन होता है।
Created On :  
