Jabalpur News: रादुविवि-कुलगुरू की शिकायत पहुंची पीएमओ तक
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने पिछले दिनों कुलगुरू के खिलाफ प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर शिकायत की थी। इस पर अब प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा गया है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए। हालाकि इसके पहले कुछ इसी प्रकार की शिकायतें छात्रों द्वारा भी की जा चुकी हैं और राज्यपाल कार्यालय की तरफ से संभागायुक्त को जांच के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं दूसरी तरफ इस मामले में कुलगुरू कार्यालय का कहना है कि शिकायतें पूरी तरह से गलत हैं बल्कि कर्मचारी संघ अध्यक्ष पर ही इतने संगीन मामले हैं कि उन्हें इस प्रकार की झूठी शिकायतों पर कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए।
रादुविवि में लम्बे समय से कर्मचारी संघ और कुलगुरू के बीच मनमुटाव चल रहा है। इस मामले को लेकर कर्मचारियों ने कई दिनों तक क्रमिक अनशन भी किया लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। वहीं कुलगुरू के सम्बंध में प्रदेश स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर शिकायतें की गईं थीं। इन्हीं शिकायतों पर संज्ञान लेने के लिए कहा गया है।
कर्मचारी संघ अध्यक्ष संजय यादव ने अगस्त माह में प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत प्रेषित की थी। इस पर सितम्बर माह में प्रमुख सचिव को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अब जाकर यह पत्र सामने आया है। एक तरफ कर्मचारी संघ अध्यक्ष कुलगुरू की शिकायत करते हैं तो दूसरी तरफ कुलगुरू कार्यालय की तरफ से यह कहा जाता है कि कर्मचारी संघ अध्यक्ष फर्जी शिकायत करते हैं, उनकी शिकायतों में सच्चाई होती तो कार्रवाई हो चुकी होती। अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस सहित विभागीय मामले हैं।
Created On :  
