- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सड़कें जर्जर, कचरे के ढेर और खुले...
ये कैसा पॉश एरिया: सड़कें जर्जर, कचरे के ढेर और खुले पड़े ट्रांसफॉर्मरों से जान का भी खतरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के सबसे पुराने व पॉश एरिया में शामिल नेपियर टाउन पिछले काफी समय से बदहाली झेल रहा है। यहां की सड़कें तो चौड़ी हैं, लेकिन जगह-जगह उधड़ी पड़ी हैं। कई मोड़ तो इतने खतरनाक हो चुके हैं कि जहां आए दिन एक्सीडेंट हो रहे हैं। सफाई व्यवस्था का हाल तो और भी चौपट है। जगह-जगह कचरे के ढेर और नियमित सफाई न होना, रहवासी काॅलोनी होने के बावजूद यहां व्यापारिक गतिविधियां संचालित होने से बेतरतीब पार्किंग भी इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन हर साल टैक्स लेने में किसी तरह का समझौता नहीं करता, लेकिन समस्याओं को लेकर की जाने वाली शिकायतों का निराकरण नहीं किया जाता। रहवासियों का ये भी आरोप है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में नेपियर टाउन को भी शामिल किया गया था, लेकिन भंवरताल गार्डन के अलावा रहवासी एरिया के लिए किसी भी तरह का काम नहीं किया गया। सैकड़ों परिवार समस्या से पीड़ित हैं। उनकी सुनने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है।
मोड़ पर फैली गिट्टी, गिर रहे वाहन चालक
नेपियर टाउन में कुछ माह पूर्व ही कई सड़कों का निर्माण किया गया था, लेेकिन गुणवत्ता में कोई ध्यान नहीं दिए जाने के कारण ज्यादातर सड़कें अब जर्जर हो चुकी हैं। मुस्कान हाइट्स तिराहे के मोड़ पर तो सड़क पूरी तरह खराब हो गई है और सड़क पर फैली गिट्टी एक्सीडेंट प्वाॅइंट बन चुकी है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार आए दिन इस मोड़ पर गाड़ियाें के स्लिप होने और पलटने की घटनाएं होती रहती हैं।
जगह-जगह अव्यवस्थित पार्किंग भी एक बड़ी समस्या - नेपियर टाउन निवासी पंकज गुलाटी ने बताया कि इस काॅलोनी में या तो बड़े बंगले हैं या अपार्टमेंट और इन सभी के पास अपने वाहनांे की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके बावजूद लगभग हर घर या अपार्टमेंट के बाहर कारें खड़ी रहती हैं। ये कारें किसकी हैं ये किसी को नहीं पता, क्योंिक रहवासी एरिया में व्यापारिक गतिविधियां संचालित हाे रही हैं, जिनके पास अपनी पार्किंग सुविधा नहीं है। इसलिए यहां काम करने वाले हों या काम के लिए आने वाले, चाहे जहां मर्जी वे कारें खड़ी कर देते हैं, जिसके कारण आए दिन विवाद होते हैं।
नहीं होती नियमित सफाई, शिकायतें भी बेअसर- नेपियर टाउन काॅलोनी के लोगों का आरोप है कि काॅलोनी में सिर्फ झाड़ू नियमित रूप से लगती है, लेकिन कचरा गाड़ियों के नियमित रूप से न आने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिनसे दुर्गंध फैली रहती है। काॅलोनीवासियों का आरोप है िक कई लोगों ने तो सफाई व्यवस्था को लेकर सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायतें कीं, लेकिन निगम प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
कई ट्रांसफाॅर्मर खुले पड़े किसी का नहीं है ध्यान
नेपियर टाउन नवीन विद्या भवन स्कूल से लेकर शास्त्री ब्रिज जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर लगे ट्रांसफाॅर्मर खुले पड़े हैं, जिसके कारण यहां के रहवासियों को पूरे समय शॉर्ट सर्किट के साथ बच्चों को लेकर भी डर सताता रहता है। लोगों का कहना है कि कई बार ननि के साथ एमपीईबी में भी शिकायतें की गईं, लेकिन आज तक निराकरण नहीं हुआ।
Created On :   14 Aug 2026 7:11 PM IST












