Jabalpur News: हर चार कदम पर गड्ढे और दलदल, रोज मुसीबत झेल रहे क्षेत्र के हजारों लोग

हर चार कदम पर गड्ढे और दलदल, रोज मुसीबत झेल रहे क्षेत्र के हजारों लोग
इंदिरा मार्केट से कांचघर होते हुए रांझी तक की सड़क बदहाल, कीचड़ में फंस रहे वाहन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। इंदिरा मार्केट गोकुलदास धर्मशाला से कांचघर, सतपुला होते हुए रांझी तक के पांच किलोमीटर का रास्ता पूरी तरह बदहाली का शिकार हो चुका है। यहां की सड़क पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं होता। जिसका दंश हर दिन हजारों लोग झेलते हैं और न जाने कब तक झेलते रहेंगे। ऐसा लगता है कि जनता की इस परेशानी से जिम्मेदारों को कोई लेना-देना नहीं है।

यहां से प्रतिदिन आना-जाना कर रहे लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर गाड़ी चलाना जोखिम भरा हो चुका है, क्योंकि चलने लायक बची हुई सड़क महज सात-आठ फीट के रास्ते में जगह-जगह गड्ढे होने से कब किस वाहन का कहां ब्रेक लग जाए, वाहन फंस जाए, ये किसी को पता नहीं होता। समस्या की वजह से इस मार्ग पर आए दिन गाड़ियों में भिड़ंत, स्किटिंग और ओवरटेकिंग के दौरान वाहन पलटने जैसी घटनाएं सामान्य बातें हो चुकी हैं। समस्या से पूरा क्षेत्र इससे परेशान है।

रीस्टोरेशन में लापरवाही

उल्लेखनीय है कि अमृत फेस-2 योजना के तहत राजा गोेकुलदास धर्मशाला से कांचघर, सतपुला से रांझी तक पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई का कार्य किया गया था। जिसकी वजह से इस रोड का एक हिस्सा लगभग पूरी तरह खराब हो गया था। बारिश के पूर्व नगर निगम द्वारा रीस्टोरेशन का काम किया गया था, लेकिन इसमें किसी भी तरह की गुणवत्ता नहीं होने से पूरा रास्ता अब जर्जर पड़ा हुआ है।

करीब एक सप्ताह पूर्व कांवड़ यात्रा के लिए एक बार फिर निगम प्रशासन ने सड़क के गड्ढे भरने के लिए इस मार्ग पर मिट्टी, डस्टिंग के साथ रोलर चलाए थे। कांवड़ यात्रा तो सम्पन्न हो गई। लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण एक बार फिर सड़क की मिट्टी कीचड़ बनकर फैल गई और जो रास्ता चलने लायक था, वो भी खराब हो गया है।

फैक्ट्री प्रबंधन ने रास्तों को कराया दुरुस्त

सतपुला से पनेहरा और गोकलपुर के बीच सुरक्षा संस्थानों की आवासीय काॅलोनी और अफसरों के बंगले हैं। लेकिन सड़क की खुदाई के कारण यहां के रहवासियों को सड़क तक पहुंचने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते वीएफजे व जीसीएफ प्रबंधन ने अपनी काॅलोनियों के रास्तों को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को काली मिट्टी की बजरी व सीमेंट की पुराई कराई है।

व्हीकल मोड़ सबसे डेंजर प्वाॅइंट

लोगों का कहना है कि पनेहरा से गोकलपुर के बीच व्हीकल मोड़ इस सड़क का सबसे डेंजर हिस्सा बन चुका है। क्योंकि इस मोड़ के दोनों हिस्सों में कीचड़ फैला हुआ है। किसी भी वाहन को लेफ्ट या राइट जाना होता है तो पूरी सावधानी बरतनी होती है। जरा सी अनदेखी पर एक्सीडेंट होते हैं।

Created On :   13 Aug 2026 6:42 PM IST

Tags

Next Story