Jabalpur News: नौवीं कक्षा से लेकर बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं की भी लगेगी ई-अटेंडेंस

नौवीं कक्षा से लेकर बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं की भी लगेगी ई-अटेंडेंस
एडमिशन लेकर केवल परीक्षा के लिए स्कूल जाने वालों पर गिरेगी गाज

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने एक बेहद ही आवश्यक कदम उठाया है। इसके तहत अब सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राओं की भी ई-अटेंडेंस लगवाई जाएगी। बच्चे कितने बजे स्कूल आए और कितने बजे वापस गए यह सब पोर्टल पर दर्ज होगा। अभी कई बच्चों को छूट दी जाती है और वे मनमानी करते हैं। कुछ स्कूलों में तो बच्चे केवल एडमिशन के वक्त ही जाते हैं बाकी समय वे अपने घरों में रहते हैं और कोचिंग ज्वाॅइन कर लेते हैं।

शिक्षकों ने इस पहल को सही बताते हुए कहा कि इसे प्राइवेट स्कूलों में भी लागू किया जाए और कॉलेज तथा विश्वविद्यालयों में भी ई-अटेंडेंस अनिवार्य की जाए, ताकि वहां चल रहे फर्जीवाड़े को समाप्त किया जा सके। लोक शिक्षण संचालनालय ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं।

छात्र-छात्राओं की ई-अटेंडेंस के लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर व्यवस्था की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में पढ़ाई अच्छी तरह हो इसके लिए विद्यार्थियों का नियमित रूप से स्कूल आना बहुत जरूरी है। जिस प्रकार ई-अटेंडेंस प्रणाली लागू होने के बाद स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति नजर आने लगी है ठीक उसी तर्ज पर बच्चों के लिए भी ई-अटेंडेंस लागू होने से वे भी स्कूलों में नजर आएंगे।

शिक्षक दर्ज करेंगे अटेंडेंस- बताया जाता है कि हमारे शिक्षक एप पर जिस प्रकार शिक्षक अटेंडेंस लगाते हैं उस तरह की व्यवस्था इसमें नहीं होगी, बल्कि शिक्षकों को 3.0 पोर्टल पर पूरी क्लास के छात्र-छात्राओं की सूची नजर आएगी और उसमें उस दिन स्कूल में हाजिर छात्र-छात्राओं की अटेंडेंस शिक्षक द्वारा लगाई जाएगी। ऑनलाइन अटेंडेंस के जरिए हर स्कूल में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से यह पता चल जाएगा कि शिक्षा के प्रति कौन कितना गंभीर है।

सभी विवि और कॉलेजों में भी हो- उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को भी ई-अटेंडेंस के दायरे में लाने की मांग की जा रही है। शिक्षकों का कहना है कि उच्च शिक्षा में सरकारी के साथ निजी कॉलेजों में इस व्यवस्था को आवश्यक तौर पर लागू किया जाए, ताकि वहां चल रही भर्राशाही पर लगाम लगे।

शिक्षकों की ई-अटेंडेंस का समय रोज बदल रहा

लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय भोपाल द्वारा इन दिनों लगभग रोजाना ही शिक्षकों की ई-अटेंडेंस का समय बदला जा रहा है। कभी सुबह 9:30 बजे तक अटेंडेंस लगाना जरूरी किया जाता है तो कभी 10:30 बजे तक का समय तय कर दिया जाता है। इसी प्रकार स्कूल से वापस जाने के समय पर भी मनमानी की जा रही है। इस मामले में शिक्षक समझ ही नहीं पा रहे हैं कि दरअसल उन्हें करना क्या है।

शिक्षकों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ई-अटेंडेंस लागू होने के बाद से लॉग इन और लॉग आउट के समय में कई बार बदलाव किया जा चुका है। सबसे पहले सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक लॉगिन की सुविधा थी। इसके बाद इसे 9:30 से 11 बजे और फिर 9:30 से 10:30 बजे तक किया गया।

अब 10:30 बजे से पहले उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है। इससे शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शिक्षकों का कहना है कि आयुक्त कार्यालय द्वारा रोजाना समय में बदलाव करना कहां तक जायज है। या तो भोपाल में अधिकारी आपसी लड़ाई में व्यस्त हैं या फिर वे अपनी मनमानी कर रहे हैं।

Created On :   12 Aug 2026 5:18 PM IST

Tags

Next Story