- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- कैसे निकलें कॉलोनीवासी, अधूरी सड़क...
Jabalpur News: कैसे निकलें कॉलोनीवासी, अधूरी सड़क बनी मुसीबत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कछपुरा मालगोदाम से गणेश नगर और अन्य काॅलोनियों को जाने वाली मुख्य सड़क का निर्माण बड़ी आबादी के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बारिश के मौसम में अधूरी सड़क पर चलना लोगों के लिए दूभर हो चला है। जगह-जगह कीचड़, दलदल और बड़े-बड़े गड्ढों में भरा पानी हादसों को न्यौता दे रहे हैं। कॉलोनियों में रहने वाले सैकड़ों लोग, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग रोजाना जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब है। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे वाली जगह पर तो सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है। बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है। इसी कीचड़ और गड्ढों के बीच से लोगों को पैदल और वाहन लेकर निकलना पड़ रहा है।
दोपहिया वाहन चालकों को तो गड्ढों को बचाते हुए रेंग-रेंग कर चलना पड़ रहा है। सड़क की सतह उखड़कर दरारों में बदल गई है और जगह-जगह पानी जमा है। कई बार शिकायताें के बाद भी सड़क के निर्माण को पूरा करने का प्रयास नहीं किया जा रहा, जिससे नागरिकों में आक्रोश पनप रहा है।
महीनों से परेशानी झेल रहे लोग
क्षेत्रीय नागरिक गोपाल पंड्या, आलोक मिश्रा और रमेश कुमार ने बताया कि कॉलोनीवासी कई महीनों से परेशानी झेल रहे हैं। यह मार्ग गणेश नगर, पुष्पक नगर और आसपास की कई कॉलोनियों को शहर से जोड़ता है। रोजाना इस रास्ते से कॉलोनीवासी आवागमन कर रहे हैं। सड़क के अधूरे निर्माण कार्य और कीचड़ के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने में अधिक समय लग जाता है। बाइक फिसलने का डर बना रहता है। बुजुर्ग तो घर से निकलने से ही कतराते हैं। इसके बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है।
राहत की जगह आफत बनी सड़क
नागरिकों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने पर लोगों ने राहत महसूस की थी, लेकिन सड़क बेहद धीमी गति से बनाई जा रही है, जिससे लोगों के लिए यह सड़क आफत बन गई है। सड़क का हिस्सा बीच-बीच में अधूरा छोड़ दिया गया है। एक तरफ सड़क ऊंची-नीची हो जाने से लोगों को वाहन लेकर निकलने में भी परेशानी होती है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सड़क पर ही भर रहा है। रात में स्ट्रीट लाइट भी कम होने से हादसों का खतरा और बढ़ गया है।
नागरिकों ने कहा-जल्द पूरा हो निर्माण
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अधूरे कार्य से उन्हें कई तरह की परेशानियां हो रही हैं। गड्डों में बारिश का पानी भरने से डेंगू और मलेरिया के लार्वा पनपेंगे, जिससे बीमारियां भी फैलेंगी। नागरिकों ने मांग की है कि सड़क के अधूरे निर्माण को जल्द पूरा कर आवागमन योग्य बनाया जाए।
Created On :   11 Aug 2026 5:56 PM IST











