Jabalpur News: बिजली के ट्रांसफाॅर्मर भी अतिक्रमण की चपेट में, हर वक्त बना रहता है खतरा

बिजली के ट्रांसफाॅर्मर भी अतिक्रमण की चपेट में, हर वक्त बना रहता है खतरा
अनदेखी: रसल चौक से ब्लूम चौक के बीच सड़क पर हो गए अवैध कब्जे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में अतिक्रमण हटाने के दावों और अभियानों के बीच अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर में कई ट्रांसफार्मर के आसपास भी अितक्रमण हो गया है। रसल चौक से ब्लूम चौक को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बिजली का ट्रांसफाॅर्मर भी अतिक्रमण की चपेट में है। यहां सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफाॅर्मर के ठीक नीचे अवैध कब्जा कर चाय की दुकान खोल ली गई है।

ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। जानकारों का कहना है कि नियमानुसार ट्रांसफाॅर्मर के आसपास कोई भी निर्माण या अस्थाई दुकान लगाना प्रतिबंधित है, लेकिन नियमों को सरेआम तोड़ा जा रहा है। बारिश या नमी के समय करंट लगने और शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि रसल चौक से ब्लूम चौक को जाने वाले मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। यहां आसपास अस्पताल और स्कूल भी हैं।

पूरी सड़क पर कई जगह ठेले, टपरे और गुमटियां जमी हुई हैं। जिससे सड़क संकरी हाे गई है। अवैध कब्जों की वजह से बार-बार जाम लग जाता है। कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम में शिकायत की गई। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सड़क पर मैकेनिकों का भी कब्जा

नागरिकों ने बताया कि रसल चौक के आसपास और ब्लूम चौक को जाने वाले मार्ग पर मैकेनिकों का भी कब्जा है। मैकेनिक दुकानों के बाहर और सड़क पर वाहनों का सुधार कार्य करते हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क पर लोग बेढंगे तरीके से वाहनों को खड़ा कर देते हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों की मांग है कि रसल चौक से ब्लूम चौक के मार्ग को तुरंत अतिक्रमण मुक्त किया जाए।

Created On :   10 Aug 2026 7:05 PM IST

Tags

Next Story