- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सघन क्षेत्रों में मकानों के निर्माण...
Jabalpur News: सघन क्षेत्रों में मकानों के निर्माण में बरतें सावधानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जर्जर भवनों के साथ सघन इलाकों में पुराने मकान व बहुमंजिला भवन के निर्माण और रिपेयरिंग कार्यों को पूरी सावधानी के साथ किया जाए, ताकि किसी भी तरह के हादसे या दुर्घटनाओं से बचा जा सके। ये निर्देश निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने विगत दिनों बड़ा फुहारा चौक और मछरहाई में मकान गिरने की घटनाओं को लेकर जारी किए हैं। जारी आदेश में सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपनी-अपनी टीम के साथ इलाकों में भ्रमण करके जर्जर भवनों के साथ पुराने मकानों-भवनों की रिपोर्ट तैयार करें और जहां भी लापरवाही मिले उन पर ठोस कार्रवाई करें।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों बड़ा फुहारा चौक के समीप एक पांच मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया था, हालांकि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन जांच के दौरान ये बात सामने आई थी कि भवन गिरने की वजह आसपास के मकानों के टूटने के कारण भवन की ऊपरी मंजिल का सपोर्ट खत्म हो गया था। इसी तरह मछरहाई मार्केट में एक पुराने मकान की रिपेयरिंग के कार्य के दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया था।
इस घटना में कई मजदूर बाल-बाल बच गए थे। जिसके बाद निगम प्रशासन ने शहर के सभी जर्जर और पुराने मकानों की रिपेयरिंग कार्यों को पूरी सावधानी से पूरा करने का आदेश जारी किया था। जर्जर भवनों के साथ पुराने मकानों के नए निर्माण और रिपेयरिंग को लेकर निगम की भवन शाखा हो या जनसुनवाई कार्यक्रम में लगातार शिकायतें भी पहुंच रहीं हैं।
सभी संभागीय कार्यालयों की टीम अपने इलाकों में निरीक्षण करके रिपोर्ट तैयार कर रही हैं और नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कहीं कोई लापरवाही बरती जाएगी तो जवाबदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।
नवीन लोनारे, भवन अधिकारी ननि
Created On :   10 Aug 2026 7:01 PM IST










