- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- फुटपाथ से लेवल मिलाए बिना ही बना दी...
Jabalpur News: फुटपाथ से लेवल मिलाए बिना ही बना दी सड़क बिगड़ी पार्किंग व्यवस्था, आए दिन हो रहे हादसे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की जर्जर सड़कों का हाल किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में कभी कोई सड़क बनाई जाती है, तो उसमें गुणवत्ता और मेजरमेंट का ध्यान नहीं रखा जाता। इसका जीताजागता प्रमाण सुपर मार्केट से लार्डगंज चाैक के बीच बारिश के पूर्व बनाई गई डामर सड़क पर देखने को मिल रहा है। दरअसल फुटपाथ बनने के बाद यहां डामर की सड़क बनाई गई थी, लेकिन निर्माण एजेन्सी ने बिना लेवल मिलाए आनन-फानन में सड़क डाल दी, जो फुटपाथ से 6 इंच ऊंची हो गई।
इस गड़बड़ी को लेकर व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान ही निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन उस वक्त अधिकारियों ने बिना निरीक्षण किए यह कह दिया था कि समय बीतने के साथ सड़क फुटपाथ के लेवल पर आ जाएगी जिसके बाद मामला शांत हो गया, लेकिन अब वो गड़बड़ी क्षेत्र के व्यापारियों-ग्राहकों के साथ राहगीरों के लिए भी परेशान का कारण बन चुकी है।
लोग नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल भी खड़ा कर रहे हैं। क्षेत्रीय व्यापारियों ने बताया कि करीब 6 माह पूर्व मालवीय चौक से लार्डगंज चौक के बीच सड़क के दोनों तरफ पेवर ब्लॉक का नया फुटपाथ बनाया गया था। इसके बाद बारिश के पूर्व निगम प्रशासन ने शहर की विभिन्न सड़कों के साथ यहां भी डामर की नई सड़क बनाई थी। व्यापारियों का आरोप है कि न तो निर्माण एजेन्सी ने ध्यान दिया, न ही निगम प्रशासन ने किसी तरह की मॉनिटरिंग की और नई सड़क फुटपाथ से काफी ऊंची हो गई, जिसके कारण अब बारिश में दुकानों के अंदर पानी घुस रहा है और अव्यवस्था फैल रही है।
स्लिप हो रहे वाहन चालक
क्षेत्रीय दुकानदारों ने बताया कि फुटपाथ नीचा होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिसके कारण पार्किंग व्यवस्था खराब होने के कारण जाम के हालात बने रहते हैं। फुटपाथ पर वाहन खड़े करने के बाद बाहर निकालते समय गाड़ियां स्लिप हो जाती हैं, जिससे आए दिन लोग घायल हो रहे हैं।
Created On :   12 Aug 2026 5:14 PM IST











