Jabalpur News: थम नहीं रही मनमानी, सड़कों पर फर्राटा भर रहीं काली फिल्म लगी कारें

थम नहीं रही मनमानी, सड़कों पर फर्राटा भर रहीं काली फिल्म लगी कारें
ऑटोमोबाइल की दुकानों में भी बेधड़क किया जा रहा विक्रय, लोगों ने कहा नियमित कार्रवाई जरूरी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की ऐसी कोई भी सड़क नहीं, जहां पर इन दिनों काली फिल्म लगी कारें फर्राटा भरती न दिख रही हों। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस के हाथ इन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं नगर निगम की उदासीनता से विभिन्न ऑटोमोबाइल एक्सेसरीज की दुकानों में भी इन्हें धड़ल्ले से लगाया जा रहा है। इस तरह चारपहिया वाहन चालकों की मनमानी लगातार बनी हुई है।

हालात ये हैं कि चौराहों से लेकर गली-कूचों तक में काली फिल्म लगी कारें धड़ल्ले से दौड़ रही हैं। इसको लेकर आम लाेगों में तीखा आक्रोश भी उत्पन्न होने लगा है। इसे देखते हुए वे नियमित रूप से कार्रवाई करने की मांग करने लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो शहर के तीन पत्ती चौक, सिविल लाइन, रांझी, विजय नगर, बिलहरी, गौरीघाट, गोरखपुर सहित कई प्रमुख इलाकों में काली फिल्म लगी कारें खुलेआम दौड़ती दिख रही हैं।

इन चारपहिया वाहनों में प्रतिबंधित काली फिल्म का लगा होना न केवल यातायात नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि पुलिस की निगरानी और धरपकड़ संबंधी कार्रवाई पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रहा है। यही वजह है कि सड़कों पर नियमित वाहन चेकिंग और कार्रवाई का दंभ भरने के बावजूद ऐसे चारपहिया वाहन आसानी से आवाजाही कर रहे हैं।

कार्रवाई के दावे, हालात जस के तस

ट्रैफिक पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन शहर के विभिन्न हिस्सों में काली फिल्म लगे वाहनों की मौजूदगी बताती है कि कार्रवाई का असर नहीं रह पा रहा है। खासकर व्यस्त और प्रमुख मार्गों पर ऐसे वाहनों का बेखौफ दौड़ना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

वहीं नगर निगम के जिम्मेदार रसल चौक, सिविक सेंटर, ब्लूम चौक, अधारताल, दमोहनाका आदि इलाकों में संचालित ऑटो मोबाइल एक्सेसरीज की दुकानों पर कार्रवाई करने का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन इसके बावजूद दुकानों में काली फिल्में रोजाना लगाई जा रही हैं।

लगातार कार्रवाई से ही रुकेगी ये मनमानी

लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम द्वारा केवल अभियान चलाने और कार्रवाई करने के दावे करने की बजाय यदि नियमित धरपकड़ संबंधी कार्रवाई की जाए और दुकान संचालकों पर भी नकेल कसी जाए, तो अवश्य ही काली फिल्म लगे वाहनों पर लगाम लगाई जा सकती है। वहीं डीएसपी ट्रैफिक संतोष कुमार शुक्ला का कहना है कि रोजाना सड़कों पर चल रही वाहन चेकिंग में काली फिल्म लगे चारपहिया वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है।

Created On :   12 Aug 2026 5:21 PM IST

Tags

Next Story