- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मांगों को लेकर कर्मचारियों ने किया...
जबलपुर न्यूज: मांगों को लेकर कर्मचारियों ने किया दो घंटे प्रदर्शन
डिजिटल डेस्क जबलपुर। मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संघ की मेडिकल कॉलेज शाखा के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के डीन कार्यालय के सामने दो घंटे का सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व में शासन को ज्ञापन दिया गया था। निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों ने पदोन्नति संबंधी आदेशों का लाभ पात्र कर्मचारियों को देने, स्वशासी कर्मचारियों को मृत्यु एवं सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी का लाभ देने तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत नोडल अधिकारियों के रोटेशन और कार्यकाल संबंधी व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
इसके अलावा पूर्व में पदस्थ आयुष्मान सुपरवाइजर, नोडल व आयुष्मान मित्रों को कार्यकाल का मानदेय देने, पात्र कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का वितरण 15 अगस्त से पहले करने तथा पैरामेडिकल स्टाफ को सेंट्रल लैब/ब्लड बैंक में पदस्थ करने की मांग भी उठाई गई।
संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। 14 अगस्त को अधीक्षक कार्यालय का घेराव, 18 से 20 अगस्त तक भूख हड़ताल तथा 7 सितंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन की घोषणा की गई है।
Created On :   12 Aug 2026 4:43 PM IST











