- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- स्वतंत्रता सेनानी के प्रतिमा स्थल...
Jabalpur News: स्वतंत्रता सेनानी के प्रतिमा स्थल पर ही कब्जा, मेन गेट में जड़ दिया ताला

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कमला नेहरू का प्रतिमा स्थल प्रशासन की अनदेखी का शिकार हो रहा है। प्रतिमा स्थल पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा कर मुख्य गेट पर ही ताला लगा दिया गया है और अंदर सब्जी के ठेले खडे किए जा रहे हैं।
जिस स्थल पर लोग राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वज फहराया करते थे, उसी स्थल का गेट आम नागरिकों के लिए बंद है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि रानीताल से गढ़ा मुख्य रोड पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कमला नेहरू का प्रतिमा स्थल हैं।
इस प्रतिमा स्थल को उद्यान के रूप में विकसित किया गया है, लेकिन अब ये स्थल अतिक्रमणों की जद में है। मेन गेट पर कुछ सब्जी बेचने वालों ने ताला जड़ दिया है। गेट के बाहर तिरपाल और ठेले रखे हैं। अंदर परिसर में भी सब्जी बेचने वालों ने कब्जा कर लिया है।
लोगों ने बताया हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पार्क में 15 अगस्त को व्यापारियों और आम जनता के द्वारा ध्वजारोहण किया जाना है, लेकिन अब गेट पर ताला होने के कारण लोगों की आवाजाही बंद हो गई है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
गंदगी और कचरे का अंबार
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम की उदासीनता के चलते कमला नेहरू की प्रतिमा के आसपास गंदगी और कचरा फैला हुआ है। सब्जी वालों की मिलीभगत से प्रतिमा स्थल पर अतिक्रमण धीरे-धीरे स्थाई रूप ले रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया जाएगा और साफ-सफाई कराई जाएगी। यहां परिसर और आसपास कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अतिक्रमण शाखा से पत्राचार किया जाएगा।
- मनीष तड़से, प्रभारी उद्यान विभाग, नगर निगम
Created On :   13 Aug 2026 6:34 PM IST












