Jabalpur News: रहवासी क्षेत्र में प्लाईवुड का गोदाम कहर बरपा सकती है जरा सी चिंगारी

रहवासी क्षेत्र में प्लाईवुड का गोदाम कहर बरपा सकती है जरा सी चिंगारी
कृषि उपज मंडी के आसपास लापरवाही से अग्नि हादसों का खतरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कृषि उपज मंडी के सामने भोला नगर के रहवासी क्षेत्र में प्लाईवुड के गोदाम का संचालन किया जा रहा है। यहां पर अग्नि सुरक्षा के किसी भी प्रकार के इंतजाम नहीं हैं। गोदाम चलाने के लिए नगर निगम से अनुमति भी नहीं ली गई है। यदि यहां पर आग लग जाए तो पूरी कॉलोनी इसकी चपेट में आ जाएगी। इसके बाद भी गोदाम को रहवासी क्षेत्र से बाहर करने की कार्रवाई नहीं की जा रही है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि भोला नगर के रहवासी क्षेत्र में सुनील जेसवानी द्वारा प्लाईवुड गोदाम चलाया जा रहा है। यहां अग्निशमन उपकरण, रेत और पानी तक की व्यवस्था नहीं है।

यहां पर मामूली चिंगारी भी बड़े अग्नि हादसे का कारण बन सकती है। गोदाम की आग पूरी कॉलोनी को अपनी चपेट में ले सकती है। इससे यहां रहने वाले लोग दहशत में हैं। नागरिकों का कहना है कि प्लाईवुड गोदाम को रहवासी क्षेत्र से बाहर किया जाना चाहिए।

गोदाम के सामने लगता है जाम

नागरिकों का कहना है कि गोदाम में दिन भर भारी और छोटे वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग करने का काम चलता रहता है। यहां पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं गोदाम के सामने से वाहन हटाने के लिए कहने पर संचालक द्वारा वाद-विवाद किया जाता है।

नियमों का खुला उल्लंघन

नियमों के अनुसार रहवासी क्षेत्र में गोदाम के संचालन के लिए नगर निगम से अनुमति और फायर एनओसी लेना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन कर रहवासी क्षेत्र में गोदाम का संचालन किया जा रहा है। इसके बाद भी गोदाम की जांच नहीं की जा रही है।

जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी

यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा हैं, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हॉट्सअप नंबर- 98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।

Created On :   5 May 2026 4:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story