- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अधारताल सांदीपनि स्कूल का सपना...
Jabalpur News: अधारताल सांदीपनि स्कूल का सपना अधूरा, महीनों से काम बंद

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अधारताल क्षेत्र में बन रहे सांदीपनि स्कूल का सपना लगता है, अधूरा ही रहने वाला है। जिस स्कूल को वर्ष 2024 में पूरा हो जाना था उसका अभी केवल 20 से 25 फीसदी काम ही हो पाया है। यही हाल रहा तो न जाने कितने साल लग जाएंगे और स्कूल का स्ट्रक्चर खंडहर में बदल जाएगा। बताया जाता है कि कई माह हो गए स्कूल की इमारत में कोई काम नहीं हो पाया है।
बच्चे भी रोज सोचते हैं कि उन्हें कब नई बिल्डिंग में बैठने का मौका मिलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सीएम राइज स्कूल का कॉन्सेप्ट शुरू किया गया था, जिसका बाद में नाम बदलकर सांदीपनि कर दिया गया। इस विद्यालय या योजना का उद्देश्य बेहतर माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। यही वजह है कि सभी स्कूलों में नई इमारत बनवाई जा रही है और सभी आधुनिक सुविधाएं भी प्रदान करने की योजना है। जिले में कुल 15 स्कूल
शुरू किए गए हैं। इनमें अधारताल में पुराने सरकारी स्कूल के बगल में ही करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर चार मंजिला इमारत बनाने की शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी। शुरू में काम तेजी से हुआ और 4 मंजिल का स्ट्रक्चर पूरा कर दिया गया, लेकिन फिनिशिंग और बाकी का कार्य नहीं हो पाया है।
इसलिए रुक गया काम
स्कूल का जब निरीक्षण किया गया तो पता चला कि यहां काम पूरी तरह से बंद है। मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने बताया कि सरकारी राशि नहीं आ पा रही है, जिससे काम बंद हो गया है। जल्द ही भोपाल से एक टीम आने वाली है जो काम का निरीक्षण करेगी और उसके बाद राशि का आवंटन होगा, जिसके बाद रुका हुआ काम फिर से शुरू हो जाएगा।
तीनों के यही हाल
जानकारों का कहना है कि शहर में मेडिकल, अधारताल और करौंदी में सांदीपनि स्कूलों का निर्माण हो रहा है और सभी का एक सा हाल है। कराैंदी में तो लगभग न के बराबर काम हुआ है और मेडिकल में भी धीमी गति से काम चल रहा है, जबकि अधारताल का काम रुका हुआ है।
4 का निर्माण पूरा
बताया जाता है कि सिहोरा, सिंगोद पनागर, बरेला और चरगवां स्कूल का काम लगभग पूरा हो चुका है। इनमें से कुछ में तो स्कूल लगने भी लगे हैं जबकि पाटन का जल्द ही पूरा होने वाला है और उद्घाटन होने वाला है, जबकि पनागर, इंद्राना, कटंगी कन्या, शहपुरा और बेलखेड़ा में अभी काम ही शुरू नहीं हो पाया है।
Created On :   11 April 2026 3:54 PM IST












