- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- एप पर अटेंडेंस लगाओ, फिर लिखकर दो...
Jabalpur News: एप पर अटेंडेंस लगाओ, फिर लिखकर दो कितने दिन काम किए

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय में एक अजब-गजब आदेश चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां सभी कर्मचारियों से कहा गया है कि वे प्रतिदिन अपनी अटेंडेंस सार्थक एप के माय अटेंडेंस सेक्शन से लगाएं। इसके बाद हर माह की 25 तारीख तक हर दिन और दिनों के कितने घंटे काम किए इसकी लिखित में जानकारी दें।
अब कर्मचारियों को आपत्ति है कि जब उनको यह सब खुद ही करना है तो फिर सार्थक एप पर अटेंडेंस लगवाई ही क्यों जा रही है और तो और एप से जानकारी ही इसलिए ली जा रही है कि कागज का कम उपयोग हो, लेकिन जब पूरी जानकारी बाद में कागज पर ही ली जा रही है तो ये सब मगजमारी करनी ही क्यों।
प्रिंसिपल महाकौशल कॉलेज की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा 6 मार्च को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में सार्थक एप के संबंध में दिए गए निर्देश एवं अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा के पत्र के परिपालन में महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि सार्थक एप से उपस्थिति के प्रत्येक कार्य दिवस के घंटों का स्वयं अवलोकन करके स्पष्ट उल्लेख करते हुए इसकी लिखित जानकारी प्रत्येक माह की 25 तारीख को विभागाध्यक्ष को उपलब्ध कराएं, ताकि वेतन आहरण की प्रक्रिया की जा सके।
अब इस मामले में कर्मचारियों का कहना है कि नियम सभी के लिए एक समान होने चाहिए और जब एप के जरिए पूरी डिटेल हर दिन एकत्र हो जाती है, तो फिर कर्मचारियों को परेशान करने का औचित्य ही क्या। जल्द ही इस मामले में कर्मचारी आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
Created On :   11 April 2026 3:27 PM IST












